कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। चंबल नदी में अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर सुप्रीम कोर्ट की सख्ती का असर अब मध्यप्रदेश के परिवहन विभाग में साफ दिखाई देने लगा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के पालन को लेकर परिवहन विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सात अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। वहीं परिवहन आयुक्त उमेश जोगा भी हालात का जायजा लेने आज मुरैना पहुंच रहे हैं।
अवैध खनन और परिवहन पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
दरअसल चंबल अभयारण्य क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन पर सुप्रीम कोर्ट की कड़ी टिप्पणी और सख्त आदेशों के बाद परिवहन विभाग हरकत में आ गया है। विभाग ने तत्काल प्रभाव से क्षेत्रीय और जिला परिवहन अधिकारियों के तबादले करते हुए सात अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। ग्वालियर के प्रभारी आरटीओ विक्रमजीत सिंह कंग को मुरैना का प्रभारी आरटीओ बनाया गया है, जबकि कई अन्य अधिकारियों को भी मुरैना, भिंड और रायसेन जैसे जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। परिवहन विभाग ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना नंबर प्लेट, बिना रजिस्ट्रेशन और अवैध रूप से रेत परिवहन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए। विभागीय आदेश में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का स्पष्ट उल्लेख करते हुए चंबल क्षेत्र में निगरानी और कार्रवाई बढ़ाने को कहा गया है।
सूत्रों के मुताबिक हाल ही में परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे थे। आरोप थे कि जिन वाहनों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए थी, उन्हें केवल जुर्माना लेकर छोड़ दिया गया। इसी को देखते हुए मुरैना, भिंड और श्योपुर के अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने साफ कर दिया है कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।इसी कड़ी में परिवहन आयुक्त उमेश जोगा भी आज मुरैना पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे और सुप्रीम कोर्ट के 26 मई के आदेशों के पालन की स्थिति का जायजा लेंगे,माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में चंबल क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ और भी सख्त अभियान देखने को मिल सकता है।
इनके हुए तबादले
- विक्रमजीत सिंह कंग प्रभारी आरटीओ ग्वालियर से अब प्रभारी आरटीओ मुरैना बनाए गए
- पीएस भिलाला परिवहन निरीक्षक जबलपुर से अब क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय मुरैना भेजे गए
- मीनाक्षी गोखले परिवहन उप निरीक्षक मंदसौर से अब क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय मुरैना भेजी गई
- जगदीश सिंह भील जिला परिवहन अधिकारी रायसेन से अब जिला परिवहन अधिकारी श्योपुर बनाए गए
- राजेश गुप्ता सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी इंदौर से अब जिला परिवहन अधिकारी रायसेन बनाए गए
- अर्चना परिहार प्रभारी आरटीओ मुरैना से अब सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संभागीय उप परिवहन आयुक्त कार्यालय मुरैना भेजी गई
- राजेंद्र सोनी जिला परिवहन अधिकारी निवाड़ी से अब जिला परिवहन अधिकारी भिंड बनाए गए


