अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश में लल्लूराम डॉट कॉम की खबर का एक बार फिर बड़ा असर हुआ है। सतना में एक बुजुर्ग को कागजों में मृत दिखाकर उसके स्वामित्व की जमीन बेचने के मामले में कोठी पुलिस ने सगे भाइयों समेत निलंबित पटवारी के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि मूलत: कोठी निवासी ईश्वरदीन सोनी पिता चंदूलाल 85 वर्ष, मौजूदा समय में कामता टोला सतना में रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी, तीन पुत्र एवं एक पुत्री है। ईश्वरदीन के स्वामित्व में कोठी में कुल तीन किता 0.1680 हेक्टेयर पुश्तैनी भूमि है।
READ MORE: करोड़ों की जमीन के लिए जिंदा चाचा को कागजों में मार डाला! भतीजे ने पटवारी और पार्षद संग मिलकर रची खौफनाक साजिश
आरोप है कि उनकी जमीनों को हड़पने के लिए उनके भतीजे रामकरण सोनी और कताहुर सोनी पिता रामसुजान ने पार्षद से फर्जी पंचमाना रिपोर्ट बनवाते हुए तत्कालीन कोठी हल्का पटवारी प्रवीण सिंह से सांठगांठ कर उक्त आराजियातों का वारसाना-नामांतरण 12 जून 2025 को अपने नाम प्रमाणित करा लिया। इसके बाद छल पूर्वक हासिल की गईं सभी जमीन 9 लाख रुपए मूल्य में बेच दीं गईं।
READ MORE: PNB Fraud: पंजाब नेशनल बैंक में 43 लाख रुपए का ‘गोल्ड लोन’ घोटाला, वैल्यूवर ने ही नकली ग्राहक बनाकर गिरवी रखवाए नकली जेवर
उधर जब यह बात बुजुर्ग को पता चली तो उनके होश उड़ गए। हैरान-परेशान पीडि़त ने जनसुनवाई में उपस्थित होकर कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के समक्ष गुहार लगाई, तो उन्होंने फौरन जांच के निर्देश दे दिए। इस मामले को लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था, जिस पर प्रशासनिक पड़ताल में फर्जीवाड़ा सामने आने पर कोठी तहसीलदार सौरभ द्विवेदी ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार को जांच प्रतिवेदन कोठी थाने में पेश किया, जिसके आधार पर आरोपी रामकरण सोनी, कताहुर सोनी और तत्कालीन हल्का पटवारी प्रवीण सिंह के खिलाफ (अपराध क्रमांक 159/26) बीएनएस की धारा 318(4) और 61 के तहत पंजीबद्ध कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

