राजधानी दिल्ली में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। प्रक्रिया पूरी करने के लिए अब केवल आठ दिन शेष हैं। हालांकि, जमीनी स्तर पर सबसे बड़ी चुनौती फॉर्मों के धीमे डिजिटलीकरण की बनी हुई है। निर्वाचन विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अब तक करीब 99.91 प्रतिशत मतदाताओं तक फॉर्म पहुंच चुके हैं, लेकिन केवल 57.54 प्रतिशत फॉर्म ही ऑनलाइन डिजिटलाइज किए जा सके हैं।

99.91% फॉर्म वितरित, लेकिन डिजिटलीकरण की रफ्तार धीमी

चुनाव कार्यालय की ओर से शुक्रवार देर शाम जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 1,45,10,298 मतदाताओं में से 1,44,97,708 मतदाताओं को फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। वहीं, 83,48,761 फॉर्मों का ही अब तक ऑनलाइन दस्तावेजीकरण पूरा हो पाया है। ऐसे में शेष दिनों में फॉर्म जमा कराने और उनकी ऑनलाइन एंट्री तेज करने पर पूरा जोर दिया जा रहा है।

रविवार पर टिकी बीएलओ की उम्मीदें

बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर फॉर्म एकत्र करने के साथ-साथ बंद पड़े मकानों के निवासियों की जानकारी भी जुटा रहे हैं। बीएलओ का मानना है कि आने वाला रविवार अभियान के लिए सबसे अहम दिन साबित हो सकता है, क्योंकि अधिकांश लोग घरों पर मौजूद रहेंगे और अधिक से अधिक फॉर्म एकत्र किए जा सकेंगे।

मतदाताओं की शिकायतें भी सामने आईं

पुरानी दिल्ली की सदर विधानसभा के पहाड़ी धीरज क्षेत्र की निवासी मीना कुमारी का आरोप है कि बीएलओ कई दिनों से उनके घर फॉर्म लेने नहीं पहुंचे, जबकि वह लगातार संपर्क कर रही हैं। इसी तरह करोल बाग निवासी ओमप्रकाश शर्मा ने भी फॉर्म जमा कराने में हो रही देरी की शिकायत की है।

गलत भरे फॉर्म बने सबसे बड़ी चुनौती

दूसरी ओर, बीएलओ का कहना है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं ने फॉर्म में गलत जानकारी भर दी है। कई लोगों ने दोनों मूल फॉर्म भी गलत तरीके से भर दिए, जिससे उन्हें सहमति पत्र के साथ चुनाव आयोग को भेजना पड़ा ताकि नए फॉर्म जारी किए जा सकें। इन त्रुटियों के कारण फॉर्म संग्रह और SIR डिजिटलाइजेशन प्रक्रिया दोनों प्रभावित हो रहे हैं। अब अभियान के अंतिम आठ दिनों में निर्वाचन विभाग और बीएलओ के सामने समय पर सभी फॉर्मों का सत्यापन और डिजिटलीकरण पूरा करना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m