कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। सोशल मीडिया की जिस जादुई दोस्ती की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही थी, उसकी सबसे खूबसूरत तस्वीर अब सामने आ गई है। अमेरिका के मशहूर फिटनेस स्टार एश्टन हॉल वादे के मुताबिक भारत पहुंच चुके हैं। ग्वालियर में योगेंद्र से मिलने के बाद एश्टन सीधे उनके पैतृक गांव जौरा योगेंद्र के साथ कार में बैठकर पहुंचे। देखिए कैसे एक रील ने अमेरिका और मुरैना के दिलों को जोड़ दिया।

मुरैना के एक साधारण युवक की देशी स्टाइल अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के चलते मुरैना के कंटेंट क्रिएटर योगेंद्र की पहचान अब अमेरिका तक पहुंच चुकी है। खास बात यह है कि अमेरिका के मशहूर फिटनेस इन्फ्लुएंसर एश्टन हॉल ने खुद योगेंद्र के वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है और भारत आकर उनसे मिले। उनके पैतृक गांव जौरा भी गए।

ये भी पढ़ें: PM Modi की सीख भूल गए मंत्री! खंडवा में मिनिस्टर के काफिले पर मचा बवाल, अपील कुछ और सड़क पर दिखा कुछ और

एश्टन हॉल ने किया था ये वादा

योगेंद्र अपने देसी अंदाज और गांव की लाइफस्टाइल को वीडियो के जरिए दिखाते हैं। उन्होंने एश्टन हॉल के लग्जरी मॉर्निंग रूटीन को भारतीय ग्रामीण शैली में रीक्रिएट किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जहां एश्टन अपने आलीशान घर और फिटनेस रूटीन के लिए जाने जाते हैं, वहीं योगेंद्र ने खाट, दही-रोटी और देसी जीवनशैली के साथ उसी कॉन्सेप्ट को मजेदार तरीके से पेश किया। योगेंद्र की इस क्रिएटिविटी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। कई बड़े कंटेंट क्रिएटर्स ने भी उनके वीडियो की सराहना की। मामला तब और खास हो गया जब एश्टन हॉल ने खुद वीडियो देखकर उस पर कमेंट किया और एक चैलेंज दिया कि यदि वीडियो पर 5 लाख लाइक्स आते हैं, तो वह भारत आकर योगेंद्र से मुलाकात करेंगे।

जौरा में करेंगे वीडियो शूट और कोलैबरेशन

कुछ ही समय में वीडियो ने लाखों लाइक्स हासिल कर लिए। इसके बाद एश्टन हॉल ने भारत आने की पुष्टि भी कर दी और वादे के मुताबिक वह भारत आकर ग्वालियर में योगेंद्र से मिले। इसके बाद दोनों कार से जौरा गांव के लिए रवाना हुए। जहां दोनों वीडियो शूट और कोलैबरेशन करेंगे। यह मुलाकात सिर्फ हाथ मिलाने तक सीमित नहीं रही। ग्वालियर से योगेंद्र के पैतृक गांव जौरा तक का सफर दोनों ने कार से तय किया। जौरा की सड़कों पर दौड़ती इस कार में सिर्फ दो दोस्त नहीं, बल्कि दो अलग-अलग संस्कृतियां एक साथ थीं। सफर के दौरान एश्टन हॉल और योगेंद्र के बीच काफी लंबी बातचीत हुई।

ये भी पढ़ें: सब्जी ने कराया बवाल: सास-बहू में छिड़ी महाभारत, ‘सोनम’ ने मायके से बुलाकर पिटवाया

एक रील ने दिलाई इंटरनेशनल पहचान

एश्टन हॉल ने योगेंद्र के ‘देशी अंदाज’ और उनकी मेहनत की जमकर तारीफ की। एश्टन इस बात से बेहद प्रभावित नजर आए कि कैसे एक छोटे से गांव का लड़का अपनी क्रिएटिविटी से पूरी दुनिया का ध्यान खींच सकता है। एश्टन का यह दौरा साबित करता है कि सोशल मीडिया की दीवारें अब ढह चुकी हैं। एक रील ने मुरैना के योगेंद्र को न सिर्फ इंटरनेशनल पहचान दिलाई, बल्कि सात समंदर पार से एक सच्चा दोस्त भी लाकर दिया। अब इंतजार है उस महा-कोलैबोरेशन का, जिसे ये दोनों स्टार्स जौरा की गलियों में शूट करेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m