सहारनपुर. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक के विरोध का समर्थन करते हुए चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में लोगों को मताधिकार से वंचित किया गया है और उनके वोटर के रूप में अधिकार की वापसी होनी चाहिए.

इमरान मसूद ने कहा कि लोकतंत्र का क्या मतलब रह जाता है, अगर इतनी बड़ी संख्या में लोग वोटर ही नहीं रहें. उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उनकी संख्या बेहद ज्यादा है.

इसे भी पढ़ें- योगी सरकार नौकरी देती है या ‘बेचती’ है! नर्सिंग भर्ती में जयपुर की एक कोचिंग के 500 अभ्यर्थियों का चयन, अखिलेश ने बोला तीखा हमला

13 करोड़ लोगों के मताधिकार का मुद्दा उठाया

कांग्रेस सांसद ने कहा, “13 करोड़ लोगों को जो मताधिकार से वंचित किया गया है, उनकी वापसी हो.” उन्होंने सवाल उठाया कि अगर इतनी बड़ी संख्या में वोटर ही नहीं रहेंगे तो लोकतंत्र के क्या मायने रह जाएंगे.

वोट कटने पर चुनाव आयोग को घेरा

इमरान मसूद ने कहा कि राष्ट्रीय दलों को जितना वोट नहीं मिल पा रहा, उससे ज्यादा वोट काट दिए गए हैं. उन्होंने बांग्लादेशी नागरिकों के नाम पर वोटर लिस्ट में कार्रवाई किए जाने के दावे पर भी सवाल उठाया.

‘बांग्लादेश की आबादी से ज्यादा वोट काट दिए’

कांग्रेस सांसद ने कहा कि जिन बांग्लादेशियों के नाम पर वोट काटे जाने की बात कही जा रही थी, बांग्लादेश की आबादी ही उतनी नहीं है, जितने लोगों के नाम काट दिए गए. उन्होंने इसे लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में “क्या तमाशा” बना दिया गया है.

इसे भी पढ़ें- यूपी में SIR के बाद नया वोटर अभियान, पहली बार वोट देने वालों पर खास फोकस; बूथों पर लगेंगे कैंप

‘ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा’

इमरान मसूद ने चुनाव आयोग पर लोकतंत्र के हरण का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का कोई मतलब नहीं रह गया है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से जाना ही होगा. उनका यह बयान राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक की ओर से चुनाव आयोग के खिलाफ चलाए जा रहे विरोध के बीच आया है.