लखनऊ. 2023 में केजीएमयू में हुई नर्सिंग भर्ती को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जांच में पता चला है कि जयपुर की एक कोचिंग के 500 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था. जिसे लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि जांच निकलेगी तो फिर दूर तलक जाएगी. ध्यान से देखा जाए तो भाजपा सरकार आने के बाद, नर्सिंग भर्ती में ये कोई पहला संदिग्ध मामला नहीं है. इसके पहले भी 500 क्या 700 तक, उन कोचिंग संस्थानों के अभ्यर्थियों को नौकरी मिली है, जिनके अवैध तार ‘अंडरग्राउंड-अनरजिस्टर्ड’ लोगों से सीधे जुड़े हैं.

इसे भी पढ़ें- रवि किशन का विपक्ष पर हमला, बोले- EVM आपके पिताजी लाए थे, हारते ही सवाल क्यों?

आगे अखिलेश यादव ने कहा कि ये घपलेबाज़ संगी-साथियों के आपसी लेन-देन का पुराना ख़ुफ़िया रिश्ता है, जिसका पैटर्न एक जैसा है. भाजपा सरकार आने के बाद चाहे लोहिया इंस्टीट्यूट हो, पीजीआई, सैफई मेडिकल और अब केजीएमयू नर्सिंग व पैरामेडिकल टेक्नीकल स्टाफ़ का भर्ती घपला, इस पैटर्न के पीछे ‘संगी-साथियों’ की आपराधिक संलिप्तता है.

उन्होंने ये भी कहा कि देखते हैं जांच एजेंसियां इस पहलू को उजागर करती हैं या ‘दूध का दूध, पानी का पानी’ करने वालों के झूठे वादे-दावे की तरह, यहां भी आपस में हिसाब-किताब करके और दोषियों को क्लीन चिट देकर पतली गली से ये गुनगुनाते हुए निकल लेती हैं कि ‘तेरा-मेरा साथ अमर, फिर मुझको काहे का डर’.

इसे भी पढ़ें- यूपी पुलिस की FIR में अब नहीं लिख सकेंगे ‘इज्जत लूट ली’ और ‘दरिंदा’, DGP ने जारी किए निर्देश

अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में अपने अयोग्य लोगों को पिछले दरवाज़े से लाकर लोगों के जीवन से बेहद ख़तरनाक खिलवाड़ कर रही है. भाजपा और उनके संगी-साथियों के बेइंतहा लालच का अंतरिक्ष जितना असीमित खुला मुंह देखकर तो सुरसा भी शर्म के मारे अपना मुख बंद कर लेती है. लानत है ऐसे भाजपाई लालच पर जो जनता की ज़िंदगियों को दांव पर लगा रहा है.