गोरखपुर. गोरखपुर में भाजपा की ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में सांसद रवि किशन ने EVM को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर ‘वोट चोरी’ के आरोपों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार 2025 में आए, लेकिन उससे पहले भी भाजपा की सरकारें बनती रही हैं. रवि किशन ने सवाल किया कि चुनाव हारने पर ही विपक्ष EVM पर सवाल क्यों उठाता है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “EVM मशीन आपके पिताजी लाए थे.”

इसे भी पढ़ें- यूपी में बाढ़ के बीच फिर बिगड़ा मौसम, 42 जिलों में बारिश का अलर्ट

‘जहां जीतते हैं, वहां EVM सही होती है’

रवि किशन ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब वे किसी जगह चुनाव जीतते हैं तो EVM सही होती है, लेकिन हारने के बाद मशीन पर सवाल खड़े किए जाते हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष जब भी चुनाव में हारता है, तब EVM को लेकर सवाल उठाना शुरू कर देता है.

‘ज्ञानेश कुमार से पहले भी बनती थी सरकार’

रवि किशन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों को भी खारिज किया. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार साल 2025 में मुख्य चुनाव आयुक्त बने हैं, जबकि भाजपा इससे पहले भी कई चुनाव जीतकर सरकार बनाती रही है. उन्होंने विपक्ष के आरोपों को राजनीतिक बहस का हिस्सा बताया.

गोरखपुर में निकली सेवा ज्योति यात्रा

भाजपा की ओर से बुधवार को गोरखपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया. गोरखपुर क्लब से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यकर्ताओं ने जनसेवा को राष्ट्रसेवा से जोड़ने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया.

इसे भी पढ़ें- ‘BJP ही CEC है’, अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर साधा निशाना, मुख्य चुनाव आयुक्त से मांगा इस्तीफा

मोदी के 25 साल के जनसेवा अभियान का संदेश

कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘25 साल जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के संकल्प को लेकर आयोजित किया गया था. सभा में रवि किशन ने प्रधानमंत्री के गुजरात मॉडल का जिक्र करते हुए कहा कि गुजरात में विकास के बाद इसी मॉडल को पूरे देश में आगे बढ़ाया गया.

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, राज्यसभा सदस्य डॉ. राधा मोहन अग्रवाल, विधायक विमलेश पासवान, महेंद्र पाल सिंह, श्रवण निषाद और फतेहबहादुर सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई.