लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) 2026 का काम पूरा होने के बाद अब राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नए अभियान की शुरुआत करेंगे. इसका उद्देश्य ऐसे योग्य नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है, जो अब तक रजिस्ट्रेशन से छूट गए हैं. अभियान में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

इसे भी पढ़ें- टुबैको इंडस्ट्रीज के कई ठिकानों पर GST विभाग ने बोला धावा, फैक्ट्री से गोदाम तक जांच जारी

CEO की बैठक में अभियान पर बनी सहमति

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिन्वा की अध्यक्षता में बुधवार (7 अक्टूबर) को हुई बैठक में राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए. बैठक में मतदाता पंजीकरण अभियान को लेकर चर्चा हुई. CEO ने राजनीतिक दलों से सुझाव और सहयोग मांगा, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे.

SIR से पहले और बाद की वोटर लिस्ट की होगी तुलना

अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) 10 अप्रैल 2026 को जारी अंतिम मतदाता सूची की तुलना SIR से पहले 7 जनवरी 2025 को जारी सूची और सप्लीमेंट्री लिस्ट से करेंगे. जिन लोगों के नाम पुरानी सूची में थे, लेकिन नई सूची में नहीं हैं, उनकी पहचान घर-घर जाकर सत्यापन के जरिए की जाएगी.

BLO योग्य लोगों को फॉर्म-6 भरने में करेंगे मदद

घर-घर सत्यापन के दौरान BLO ऐसे योग्य नागरिकों की भी पहचान करेंगे, जिनका अब तक मतदाता के रूप में रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है. इनमें 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले पहली बार वोटर और अन्य युवा मतदाता शामिल होंगे. अधिकारियों की मदद से पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकेंगे.

इसे भी पढ़ें- Nana Patekar Passes Away : सीएम योगी ने जताया दुख, बताया कला जगत की अपूरणीय क्षति

बूथों से लेकर लेबर कॉलोनियों तक लगेंगे कैंप

चुनाव विभाग पोलिंग बूथों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप लगाएगा. नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी, बेघर लोगों और अन्य वंचित वर्गों के लिए भी कैंप आयोजित किए जाएंगे. शिक्षण संस्थानों के साथ SVEEP के जरिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. मीडिया ब्रीफिंग और स्थानीय स्तर पर कार्यक्रमों के जरिए लोगों को मतदाता पंजीकरण के बारे में जानकारी दी जाएगी. CEO ने कहा कि वोटर रजिस्ट्रेशन लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और कोई भी पात्र नागरिक अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है.