लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेतृत्व से जल्द से जल्द चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील की है. उन्होंने कहा कि भाजपा को हराना आसान नहीं है, इसलिए कांग्रेस को स्पष्ट रणनीति और रोडमैप के साथ मैदान में उतरना होगा.
इसे भी पढ़ें- राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO जितेंद्र मिश्रा को लेकर देवरिया में जश्न, पूर्व एयर मार्शल अब संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी
‘यूपी में भाजपा हारे, कांग्रेस आगे बढ़े’
इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस की इच्छा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा चुनाव हारे और कांग्रेस प्रदेश में मजबूत होकर आगे बढ़े. उन्होंने इसे पार्टी का मौलिक अधिकार बताते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने लक्ष्य के लिए पूरी ताकत से काम करना चाहिए. उनके बयान को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है.
राहुल गांधी के नेतृत्व का भी किया जिक्र
कांग्रेस सांसद ने कहा कि देश में राहुल गांधी के नेतृत्व में एक माहौल बना है. उनका कहना है कि इस माहौल को चुनावी रणनीति में बदलने के लिए पार्टी को जमीन पर सक्रिय होना होगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जल्द मैदान में उतरने और जनता के बीच अपनी मौजूदगी मजबूत करने की बात कही.
‘भाजपा हमसे आगे न निकल जाए’
इमरान मसूद ने कांग्रेस नेतृत्व को आगाह करते हुए कहा कि पार्टी को समय गंवाने से बचना होगा. उन्होंने कहा कि भाजपा हमसे आगे न निकल जाए, इसलिए जल्द से जल्द चुनावी तैयारी शुरू करनी चाहिए. उनके मुताबिक चुनावी लड़ाई ऐसी होनी चाहिए जिसका ठोस नतीजा सामने आए.
इसे भी पढ़ें- चित्रकूट में बारिश का कहर! कच्चा मकान ढहा, पिता और दो बच्चों की मौत; मां-बेटी गंभीर
रोडमैप बनाकर आगे बढ़ने की जरूरत
सांसद ने कहा कि भाजपा को हराना आसान नहीं है. ऐसे में कांग्रेस को व्यवस्थित रणनीति तैयार करनी होगी और उसी रोडमैप के तहत आगे बढ़ना होगा. उनके बयान से साफ है कि पार्टी के भीतर यूपी में चुनावी तैयारियों को लेकर जल्द सक्रियता बढ़ाने की मांग उठ रही है. 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए संगठन को मजबूत करना और चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारना बड़ी चुनौती होगी.



