सहारनपुर. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रदर्शन स्थल की सूची से जंतर-मंतर को हटाए जाने और भाजपा नेता किरीट सोमैया की ओर से अभिनेता आमिर खान के भांजे की नागरिकता पर सवाल उठाने तथा पाकिस्तान फंडिंग के आरोपों को लेकर प्रतिक्रिया दी है. मसूद ने प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर को केंद्रीय स्थान बताते हुए सूची से इसे हटाने पर सवाल उठाया. वहीं, पाकिस्तान और मुसलमान के मुद्दों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा.
इसे भी पढ़ें- नीला ड्रम और सर्पदंश मर्डर मिस्ट्री: कातिलों की उल्टी गिनती शुरू, 14 और 16 अक्टूबर को कोर्ट सुनाएगा सबसे बड़ा फैसला
‘कल कहेंगे हिमालय की चोटी पर धरना दो’
प्रदर्शन स्थल की सूची से जंतर-मंतर को हटाने के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा, “कल को ये कहेंगे कि हिमालय की चोटी पर कर दो, ये कोई बात थोड़ी ना है.” उन्होंने कहा कि धरने के लिए केंद्रीय स्थान ही होता है. मसूद की टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब विपक्ष के प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थानों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.
आमिर खान के भांजे की नागरिकता पर विवाद
भाजपा नेता किरीट सोमैया की ओर से अभिनेता आमिर खान के भांजे की नागरिकता पर सवाल उठाए जाने और पाकिस्तान से फंडिंग के आरोपों को लेकर भी इमरान मसूद ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह राजनीतिक बहस में पाकिस्तान और मुसलमान के मुद्दों को बार-बार उठाती है.
‘पाकिस्तान और मुसलमान ही इनके पास नारे’
कांग्रेस सांसद ने कहा, “हिंदुस्तान के अंदर पाकिस्तान और मुसलमान, दो ही इनके पास नारे हैं, इसके अलावा कुछ मिलता नहीं इन्हें.” उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों के जरिए दूसरे सवालों से ध्यान हटाने की कोशिश होती है. मसूद ने कहा कि देश में चर्चा के लिए कई दूसरे मुद्दे भी हैं और इस तरह की राजनीति नहीं चलेगी.
इसे भी पढ़ें- ‘हार पचा नहीं पा रहे राहुल…’ मंत्री कपिल देव अग्रवाल का सीधा हमला, चुनाव आयोग वाले बयान पर घेरा
पाकिस्तान को लेकर भी भाजपा पर पलटवार
इमरान मसूद ने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि वह बर्बाद मुल्क है और भारत में उसे लेकर बार-बार राजनीति करने का कोई औचित्य नहीं है. उन्होंने कहा, “पाकिस्तान के साथ दोस्तियां तुम्हारी हैं, हमारी तो है नहीं.” उनके इस बयान के जरिए कांग्रेस सांसद ने भाजपा पर पाकिस्तान के मुद्दे को राजनीतिक बहस में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया.

