बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बलिया दौरे के दौरान शनिवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। काले झंडे लेकर सड़क पर उतरे सपा समर्थकों ने “ओपी राजभर गो बैक” के नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मंत्री के काफिले का रूट बदल दिया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
पार्टी तोड़ने का आरोप
मंत्री ओमप्रकाश राजभर फेफना विधानसभा क्षेत्र के रतसर नगर पंचायत में आयोजित विशाल जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इससे पहले सपा के ब्राह्मण नेता भानु दुबे ने राजभर के बलिया आगमन पर उनके घेराव की चेतावनी दी थी। यह विरोध राजभर द्वारा सपा सांसद सनातन पांडेय पर 20 से 25 सांसदों को पार्टी से तोड़ने के आरोप लगाने के बाद सामने आया।
READ MORE: चुनाव करीब है! मायावती का भाजपा-सपा पर हमला, बोलीं- दलितों के हितों पर राजनीति बंद करें
राजभर के काफिले का मार्ग बदल दिया
शनिवार को सपा कार्यकर्ता काले झंडे लेकर गड़वार क्षेत्र में सड़क पर उतर आए और मंत्री का पुतला फूंकने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने ओमप्रकाश राजभर के काफिले का मार्ग बदल दिया, जिससे उनका कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
READ MORE: कुशीनगर के विकास को नई उड़ान, एयर कनेक्टिविटी पर CM योगी का बड़ा ऐलान
पुलिस ने सपा नेता भानु दुबे समेत कई समर्थकों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद भानु दुबे ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर सपा सांसद सनातन पांडेय के खिलाफ लगातार बेबुनियाद और बेतुके बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक राजभर ऐसे बयान देते रहेंगे, समाजवादी पार्टी उनका विरोध करती रहेगी।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते स्थिति नियंत्रण में रही और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

