कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक नवविवाहित जोड़े की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। दो दिन पहले पत्नी ज्योति उर्फ मेघा ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, वहीं अब पत्नी की मौत के सदमे में पति सिद्धार्थ ने भी अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। लगातार हुई इन दो मौतों से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों के मोबाइल जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पत्नी की मौत के सदमे में पति ने भी फांसी लगाकर दी जान 

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ज्योति उर्फ मेघा ने नरसिंहपुर रोड स्थित अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिवार और रिश्तेदार सदमे में थे। इसी बीच पत्नी की मौत का दुख पति सिद्धार्थ सहन नहीं कर सका और उसने कुंज विहार कॉलोनी स्थित अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

दोनों के पास से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट 

घटना की सूचना मिलते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। खास बात यह रही कि ज्योति की तरह सिद्धार्थ के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस अब दोनों मौतों के पीछे की वजह तलाशने में जुट गई है।

पुलिस ने जांच के लिए ज्योति और सिद्धार्थ दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। कॉल डिटेल, चैट और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। लगातार हुई इन दो मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m