आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले के प्रोद्दातुर कस्बे में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। यहां बीवी के मोटापे और अफेयर से परेशान एक व्यक्ति ने अपनी 31 वर्षीय पत्नी की कथित तौर पर जहर देकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने जहर एक यूट्यूबर से खरीदा था और बाद में पत्नी को मिठाई में मिलाकर खिला दिया। प्रोद्दातुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विभु कृष्णा ने बताया कि भद्रिपल्ली किरण और उसकी पत्नी भद्रिपल्ली पद्मजा के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार किरण अपनी पत्नी के मोटापे और जंक फूड खाने की आदत से परेशान रहता था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। करीब एक साल पहले किरण का हैदराबाद की एक महिला के साथ कथित प्रेम संबंध भी शुरू हो गया था। इसके बाद पति-पत्नी के रिश्ते और खराब हो गए। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान किरण ने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

युट्यूबर से ख़रीदा जहर

पुलिस जांच में सामने आया कि किरण ने बिना पकड़े गए किसी को जहर देकर मारने के तरीके सोशल मीडिया और इंटरनेट पर तलाशने शुरू किए। इसी दौरान उसका संपर्क एक यूट्यूबर से हुआ, जिससे उसने कथित तौर पर 80 हजार रुपये में जहरीला पदार्थ खरीदा।

पुलिस के मुताबिक 29 और 30 अप्रैल की रात किरण ने मिठाई में जहर मिलाकर पत्नी पद्मजा को खिला दिया। जहर खाने के बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ी, लेकिन तब भी उसकी सांसें चल रही थीं। जब किरण को लगा कि जहर से उसकी पत्नी की मौत नहीं हुई है, तो उसने कथित तौर पर तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि पद्मजा की मौत 30 अप्रैल की सुबह हुई।

हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी ने मामले को दुर्घटना बताने की कोशिश की। उसने अपने माता-पिता से कहा कि पद्मजा बिस्तर से गिर गई थी और बेहोश हो गई। बाद में घर बुलाए गए डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लेकिन पद्मजा के पिता राजा कुल्लायी को पति की बातों पर यकीं नहीं हुआ। जिसके बाद उनकी शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ के इस्तेमाल की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।

पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान किरण ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हालांकि पुलिस ने उसकी कथित प्रेमिका की संलिप्तता से इनकार किया है। वहीं जहर बेचने वाला यूट्यूबर फिलहाल फरार है। पुलिस के मुताबिक आरोपी यूट्यूबर मोबाइल बंद कर भूमिगत हो गया है और उसकी तलाश जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m