इदरीश मोहम्मद, पन्ना। इंसानियत को शर्मसार कर देने वाले अजयगढ़ के बहुचर्चित सोनू कुशवाहा और उनके 5 वर्षीय मासूम बेटे की हत्या के मामले का पुलिस ने 8 महीने बाद सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के आरोप में 25 वर्षीय इंद्रभान साकेत को गिरफ्तार किया है, जिसने न केवल घर में चोरी की, बल्कि हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए मां-बेटे को मौत के घाट उतार दिया था।
मुंह में कपड़ा ठूंसकर किया था दुष्कर्म
मामले का खुलासा करते हुए एसपी ने बताया कि घटना 16-17 सितंबर की दरमियानी रात हुई थी, आरोपी चोरी की नीयत से घर में घुसा था। जब सोनू कुशवाहा जाग गई, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी बीच जब 5 साल के मासूम देवेंद्र ने अपनी मां को बचाने की कोशिश की, तो बेरहम कातिल ने उसका गला घोंट दिया और दोनों की हत्या कर फरार हो गया।
पुलिस के लिए थी बड़ी चुनौती
एसपी निवेदिता नायडू ने बताया कि इस अंधे कत्ल को सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदेह के आधार पर परिजनों सहित करीब 40 लोगों का डीएनए टेस्ट कराया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को मैहर के पास ग्राम खोखला से घेराबंदी कर दबोचा गया। जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाने में रेप के मामले में नामजद था। वह अजयगढ़ के माधौगंज चौराहे पर चाइनीज फूड का ठेला लगाता था और पहले उसी मोहल्ले में किराए से रहने के कारण घर की स्थिति से वाकिफ था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

