संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर नगर के वार्ड क्रमांक 6 स्थित तीखी इमली के अंबेडकर नगर में पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत के बाद सोमवार को परिजनों और रहवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना से नाराज लोगों ने खंडवा-बड़ौदा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

गड्ढे में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत का मामला

रविवार शाम करीब 4 बजे मिट्टी से रेत बनाने के लिए खोदे गए एक पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई थी। गड्ढा इतना गहरा और पानी से भरा था कि वह तालाब जैसा प्रतीत हो रहा था। इस वीभत्स हादसे के बाद से ही स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी थी कि रिहायशी इलाके के बीच इतना खतरनाक गड्ढा कैसे खुदा और वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे। सोमवार को आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर उतरकर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

मुआवजा और प्रशासनिक घोषणाएं

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है। जिला कलेक्टर नीतू माथुर द्वारा तीनों मृतक बच्चों के परिवारों को 10-10 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता दिए जाने की जानकारी साझा की गई। कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने वीडियो जारी कर शोक व्यक्त करते हुए प्रत्येक पीड़ित परिवार को 10-10 हजार रुपए की सहायता देने की बात कही। आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने भी तीनों परिवारों को व्यक्तिगत रूप से 10-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की।

खनिज विभाग और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

आदिवासी विकास परिषद और जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के नेताओं ने खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की है कि इस बात की निष्पक्ष जांच हो कि गड्ढे की किसकी अनुमति से खुदाई की गई थी और किन नियमों का उल्लंघन हुआ। आर्थिक राहत से भले ही तात्कालिक मदद मिली हो, लेकिन ग्रामीणों और परिजनों की मांग है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m