IND vs AFG 1st ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की ऐतिहासिक वनडे सीरीज का आगाज आज धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में होना है, लेकिन पहले मुकाबले में मौसम ने शुरुआत से ही खलल डाल दिया है। लगातार बारिश के कारण निर्धारित समय पर टॉस नहीं हो सका और फिलहाल मैदान तथा पिच को कवर्स से ढक दिया गया है। मैच अधिकारियों की नजर मौसम पर बनी हुई है और जैसे ही बारिश रुकती है, मैदान का निरीक्षण किया जाएगा।

बता दें कि यह पहला मौका है जब भारत और अफगानिस्तान के बीच द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेली जा रही है। इससे पहले दोनों टीमें केवल आईसीसी वनडे विश्व कप और एशिया कप जैसे बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में आमने-सामने आई थीं। दोनों देशों के बीच अब तक चार वनडे मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने तीन मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच टाई रहा था।

शाम तक मौसम साफ होने की उम्मीद

मौसम विभाग के अनुसार धर्मशाला में दोपहर के समय बारिश की संभावना सबसे अधिक है, जिसके कारण टॉस और मैच की शुरुआत प्रभावित हुई है। हालांकि शाम होते-होते मौसम में सुधार की उम्मीद जताई गई है। पूर्वानुमान के मुताबिक दिन ढलने के साथ बारिश की संभावना लगातार कम होगी और रात 7 बजे के बाद मौसम पूरी तरह साफ हो सकता है।

यदि बारिश के कारण ओवरों में कटौती करनी पड़ती है, तब भी मुकाबले का परिणाम निकालने के लिए दोनों टीमों को कम से कम 20-20 ओवर खेलने होंगे। नियमों के अनुसार 20 ओवर से कम का खेल होने पर आधिकारिक परिणाम संभव नहीं होगा। मैच अधिकारियों के लिए रात 10:15 से 10:30 बजे तक का समय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि 20-20 ओवर का मुकाबला कराना है तो खेल अधिकतम इसी समय तक शुरू होना जरूरी होगा।

भारत के सामने युवा खिलाड़ियों को मौका देने की चुनौती

भारतीय टीम इस सीरीज में अपने कई प्रमुख खिलाड़ियों के बिना मैदान पर उतरेगी। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या चोट के कारण टीम का हिस्सा नहीं हैं, जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है। ऐसे में युवा खिलाड़ियों प्रिंस यादव और गुरनूर बरार में से किसी एक को वनडे डेब्यू का मौका मिल सकता है।

विराट कोहली की गैरमौजूदगी में भारतीय बल्लेबाजी की जिम्मेदारी कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल पर होगी। शुभमन गिल ने एक जनवरी 2025 के बाद वनडे क्रिकेट में 625 रन बनाए हैं, जबकि रोहित शर्मा ने 17 मैचों में 711 रन बनाते हुए दो शतक और चार अर्धशतक जड़े हैं।

टीम प्रबंधन नंबर-3 बल्लेबाजी क्रम के लिए ईशान किशन, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल जैसे विकल्पों पर भी विचार कर सकता है। गेंदबाजी विभाग में कुलदीप यादव भारत के सबसे बड़े हथियार होंगे। उन्होंने 2025 के बाद वनडे क्रिकेट में 22 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह नई गेंद से शुरुआती सफलता दिलाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

राशिद खान और जादरान पर अफगानिस्तान की नजरें

अफगानिस्तान की टीम भी अपने प्रमुख खिलाड़ियों के दम पर भारत को चुनौती देने के इरादे से उतरेगी। टीम की बल्लेबाजी इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमत शाह और अजमतुल्लाह उमरजई पर काफी हद तक निर्भर रहेगी। इब्राहिम जादरान ने 2025 के बाद खेले गए छह वनडे मैचों में 429 रन बनाए हैं और उनका औसत 71.50 का रहा है।

अजमतुल्लाह उमरजई हाल के समय में अफगानिस्तान के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर बनकर उभरे हैं। उन्होंने पिछले 10 वनडे मुकाबलों में 24 विकेट लेने के अलावा बल्ले से भी लगातार योगदान दिया है। भारत की परिस्थितियों में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है।

अफगानिस्तान को सबसे बड़ी मजबूती स्टार लेग स्पिनर राशिद खान की वापसी से मिली है। राशिद भारत के खिलाफ तीन वनडे मैचों में पांच विकेट हासिल कर चुके हैं और हाल ही में आईपीएल 2026 में भी शानदार फॉर्म में नजर आए थे।

धर्मशाला की पिच रिपोर्ट

धर्मशाला का एचपीसीए स्टेडियम तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है। यहां नई गेंद से गेंदबाजों को अच्छी स्विंग और उछाल मिलती है, जिससे शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं होता। हालांकि, एक बार बल्लेबाज पिच पर जम जाएं तो यह मैदान बड़े स्कोर बनाने के लिए भी जाना जाता है।

इस मैदान पर कई हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं, लेकिन साथ ही मजबूत बल्लेबाजी क्रम वाली टीमें भी वनडे क्रिकेट में 200 रन के आंकड़े तक पहुंचने से पहले सिमट चुकी हैं। ऐसे में शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों की भूमिका काफी अहम रहने वाली है।

धर्मशाला में आखिरी वनडे मुकाबला 2023 विश्व कप के दौरान ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। उस रोमांचक मैच में दोनों टीमों ने मिलाकर कुल 771 रन बनाए थे। वहीं इस मैदान पर सबसे सफल रन चेज 274 रन का है, जिसे भारत ने 2023 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ हासिल किया था।

भारत और अफगानिस्तान की संभावित प्लेइंग 11

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव/गुरनूर बरार।

अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी/इकराम अलीखिल, राशिद खान, मोहम्मद सलीम, अल्लाह गजनफर, जिया-उर-रहमान।

कहां देख सकेंगे लाइव टेलीकास्ट और स्ट्रीमिंग ?

भारत और अफगानिस्तान के बीच पहले वनडे मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी, जहां क्रिकेट प्रशंसक अपने मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी पर मुकाबले का आनंद ले सकेंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H