IND vs ENG 3rd ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने निर्धारित 50 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके साथ ही भारत को मैच और सीरीज 2-1 से अपने नाम करने के लिए 388 रन का लक्ष्य मिला है।
भारत के खिलाफ इंग्लैंड का सबसे बड़ा वनडे स्कोर
इंग्लैंड ने इस मुकाबले में भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट का अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। इससे पहले इंग्लिश टीम ने साल 2017 में भारत के खिलाफ 381/7 रन बनाए थे।
लॉर्ड्स में इंग्लैंड ने रचा नया रिकॉर्ड, वनडे का सबसे बड़ा स्कोर बनाया
इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में 387/3 का स्कोर बनाकर अपना ही रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले लॉर्ड्स में इंग्लैंड का सर्वोच्च वनडे स्कोर 1975 में भारत के खिलाफ 4 विकेट पर 334 रन था। वहीं, 2017 में आयरलैंड के खिलाफ टीम ने 6 विकेट पर 328 रन बनाए थे। इसके अलावा 2025 में दक्षिण अफ्रीका ने इसी मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 8 विकेट पर 330 रन बनाए थे।
लॉर्ड्स में भारत का सर्वश्रेष्ठ वनडे स्कोर 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ 326 रन का है। अब इंग्लैंड ने 387 रन बनाकर इस ऐतिहासिक मैदान पर वनडे क्रिकेट का नया सर्वोच्च स्कोर अपने नाम दर्ज कर लिया है।
डकेट और बेथेल ने दिलाई दमदार शुरुआत

इंग्लैंड की पारी की नींव सलामी बल्लेबाज बेन डकेट और जैकब बेथेल ने रखी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 192 रन की शानदार साझेदारी की। 31वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने बेथेल को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। बेथेल ने 93 गेंदों में 91 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 11 चौके और दो छक्के शामिल रहे।
डकेट ने खेली 141 रन की शानदार पारी
बेथेल के आउट होने के बाद बेन डकेट ने अनुभवी बल्लेबाज जो रूट के साथ दूसरे विकेट के लिए 101 रन जोड़े। डकेट ने 135 गेंदों में 141 रन बनाए। उनकी पारी में 18 चौके और एक छक्का शामिल रहा। 44वें ओवर में प्रिंस यादव ने अपनी ही गेंद पर उनका शानदार कैच लेकर पारी का अंत किया। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने कप्तान हैरी ब्रूक को 14 रन पर आउट कर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया।
रूट और बटलर ने अंत में बरसाए रन
आखिरी ओवरों में जो रूट और जोस बटलर ने तेज बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। रूट 74 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि बटलर ने महज 13 गेंदों में नाबाद 41 रन की विस्फोटक पारी खेली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए सिर्फ 20 गेंदों में 63 रन की अटूट साझेदारी कर इंग्लैंड का स्कोर 387/3 तक पहुंचा दिया।
भारतीय गेंदबाज रहे महंगे
भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने दो विकेट हासिल किए, जबकि प्रिंस यादव को एक विकेट मिला। हालांकि अन्य गेंदबाज इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में सफल नहीं रहे और इंग्लैंड ने रिकॉर्ड स्कोर खड़ा कर दिया।
भारत और इंग्लैंड दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत की प्लेइंग 11
रोहित शर्मा, शुबमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा
इंग्लैंड की प्लेइंग 11
बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, जोश टंग
कहां देखें लाइव मुकाबला?
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जा रहा है। वहीं, जो दर्शक मोबाइल या ऑनलाइन मैच देखना चाहते हैं, वे JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

