FIFA World Cup 2026 Final: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है और आज रात दुनिया को इस बार का विश्व चैंपियन मिलेगा। लगभग एक महीने तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट के बाद अब खिताब के लिए मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और यूरोपीय दिग्गज स्पेन आमने-सामने होंगे। अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले पर दुनिया भर के करोड़ों फुटबॉल प्रशंसकों की निगाहें टिकी हैं।

बता दें कि आज रात फाइनल में एक ओर अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगा, जबकि दूसरी ओर स्पेन 16 साल बाद दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सपना साकार करने की कोशिश करेगा। दोनों टीमों के बीच होने वाला यह खिताबी मुकाबला विश्व फुटबॉल के नए बादशाह का फैसला करेगा। इस महामुकाबले को लेकर भारत समेत दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

शानदार प्रदर्शन के दम पर फाइनल में पहुंचीं दोनों टीमें

अर्जेंटीना ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल में जगह बनाई है। सेमीफाइनल में लियोनेल मेसी की अगुवाई वाली टीम ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। वहीं स्पेन ने सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। दोनों टीमों की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

60 साल बाद विश्व कप में होगी भिड़ंत

फीफा विश्व कप के इतिहास में अर्जेंटीना और स्पेन की टीमें अब तक केवल एक बार आमने-सामने आई हैं। दोनों के बीच पहली और अब तक की इकलौती विश्व कप भिड़ंत 1966 के ग्रुप चरण में हुई थी, जिसमें अर्जेंटीना ने स्पेन को 2-1 से हराया था।

करीब 60 साल बाद दोनों टीमें एक बार फिर विश्व कप के मंच पर आमने-सामने होंगी, जिससे यह मुकाबला और भी ऐतिहासिक बन गया है।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में कांटे की टक्कर

अगर दोनों टीमों के ओवरऑल रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अब तक अर्जेंटीना और स्पेन के बीच कुल 14 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें दोनों टीमों ने 6-6 मैच जीते हैं, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। ऐसे में फाइनल मुकाबला दोनों के लिए हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में बढ़त बनाने का भी सुनहरा अवसर होगा।

मेसी और यमाल पर रहेंगी सभी की नजरें

फाइनल मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी और स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल पर रहेंगी। मेसी अपने शानदार करियर में एक और विश्व कप ट्रॉफी जोड़ना चाहेंगे, जबकि 19 वर्षीय यमाल स्पेन को दूसरी बार विश्व चैंपियन बनाने का सपना पूरा करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।

अर्जेंटीना के पास इतिहास रचने का मौका

मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है। टीम ने 2022 में कतर में तीसरा विश्व कप खिताब जीता था और अब अपने खिताब का सफल बचाव करना चाहेगी।

अगर अर्जेंटीना फाइनल जीतने में सफल रहती है, तो वह लगातार दो विश्व कप जीतने वाली इतिहास की तीसरी टीम बन जाएगी। इससे पहले केवल इटली (1934 और 1938) और ब्राजील (1958 और 1962) ही अपने विश्व कप खिताब का सफलतापूर्वक बचाव कर सके हैं। इसके अलावा अर्जेंटीना चौथी बार विश्व चैंपियन बनकर जर्मनी और इटली की बराबरी भी कर लेगा।

क्या स्पेन रचेगा नया इतिहास?

स्पेन ने अब तक केवल एक बार फीफा विश्व कप का खिताब जीता है। टीम ने 2010 में दक्षिण अफ्रीका में विश्व फुटबॉल का सबसे बड़ा सम्मान हासिल किया था। अब 16 साल बाद स्पेन के पास दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का मौका है। शानदार लय में चल रही स्पेनिश टीम इस बार अर्जेंटीना की चुनौती को पार कर इतिहास दोहराना चाहेगी।

इतिहास किसके पक्ष में?

फीफा वर्ल्ड कप के 96 साल के इतिहास में यह 23वां फाइनल होगा। यह 12वीं बार होगा जब विश्व कप के फाइनल में यूरोप और लैटिन अमेरिका की टीमें आमने-सामने होंगी। इससे पहले ऐसे 11 फाइनल में लैटिन अमेरिकी टीमों ने 8 बार, जबकि यूरोपीय टीमों ने सिर्फ 3 बार खिताब जीता है।

गोल्डन बूट की दौड़ पर भी रहेंगी नजरें

फाइनल मुकाबले के साथ गोल्डन बूट की रेस भी दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है। फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे तीसरे स्थान के मुकाबले में दो गोल करने के बाद 10 गोल के साथ सबसे आगे हैं, जबकि अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी के नाम 8 गोल हैं। मेसी के पास फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर गोल्डन बूट की दौड़ को रोमांचक बनाने का मौका होगा।

भारत में कब, कहां और कैसे देखें मुकाबला?

अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार 20 जुलाई (सोमवार) रात 12:30 बजे शुरू होगा। यह मैच अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारत में इस मुकाबले का लाइव प्रसारण Unite8 Sports चैनलों पर किया जाएगा। वहीं ऑनलाइन दर्शक ZEE5 ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे। इसके अलावा DD Sports, DD Free Dish और JioTV के जरिए भी भारतीय दर्शक इस महामुकाबले का मुफ्त में आनंद ले सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H