IND W vs ZIM W 1st T20: रायपुर में खेले जा रहे पहले टी20 मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। ऐसे में जिम्बाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने लक्ष्य रखेगी। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले के साथ ही भारत-जिम्बाब्वे महिला टीमों के बीच पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आगाज हो रहा है।

पहली बार जिम्बाब्वे से भिड़ेगी भारतीय महिला टीम

भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज का पहला मुकाबला रायपुर में आयोजित हो रहा है। दोनों टीमें पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आमने-सामने हैं। ऐसे में यह सीरीज महिला क्रिकेट के लिहाज से खास है।

भारतीय टीम की कप्तानी स्मृति मंधाना कर रही हैं। पूर्णकालिक टी20 कप्तान के तौर पर यह उनकी पहली सीरीज है। वहीं शेफाली वर्मा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। भारतीय टीम की कोशिश जीत के साथ सीरीज का आगाज करने की होगी।

रायपुर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला टी20 मुकाबला

पिछले कुछ वर्षों में रायपुर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के प्रमुख केंद्रों में शामिल हुआ है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के साथ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच भी खेले जा चुके हैं। अब पहली बार यहां अंतरराष्ट्रीय महिला टी20 मुकाबला खेला जा रहा है, जिससे स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में भी जबरदस्त उत्साह है।

रायपुर की पिच रिपोर्ट

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर शुरुआती ओवरों में अच्छा बाउंस और गति मिलने की उम्मीद रहती है। इससे पावरप्ले के दौरान बल्लेबाजों को खुलकर शॉट खेलने का मौका मिल सकता है। महिला टी20 क्रिकेट में बाउंड्री 55 से 64 मीटर की होती है, इस कारण पावरप्ले में खूब चौके-छक्के लगने की उम्मीद है।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत : शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना (कप्तान), अनुष्का शर्मा, हरमनप्रीत कौर, निकी प्रसाद, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी, नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़

जिम्बाब्वे : न्याशा ग्वानजुरा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, बिलवेड बिजा, जोसेफिन नकोमो (कप्तान), मोडेस्टर मुपाचिक्वा (विकेटकीपर), मिशेल मावुंगा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिन्दर चारे, तेंदई मकुशा और शारने मेयर्स

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H