एक तरफ स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगा यात्रा निकालकर देश के प्रति सम्मान व्यक्त किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के दो जिलों में इसी से जुड़ी दर्दनाक तस्वीर सामने आई हैं। देवास में तिरंगा यात्रा निकाल रहे लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। वहीं दतिया में ध्वजारोहण की तैयारी के दौरान झंडा लगाने स्कूल की छत पर चढ़े छात्र की करंट लगने से मौत हो गई।

तिरंगा यात्रा में मधुमक्खियों का हमला

चेतन योगी, देवास। विजयागंज मंडी क्षेत्र में तिरंगा यात्रा के दौरान डीजे वाहन पेड़ में अटकने के बाद मधुमक्खियों ने हमला कर दिया जिससे दर्जनों लोग घायल हो गए। अचानक हुए हमले से यात्रा में अफरा-तफरी मच गई और लोग बचने के लिए इधर-उधर भागे। कुछ लोगों को मधुमक्खियों ने डंक मार दिया, जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने मदद कर जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद कुछ देर के लिए यात्रा प्रभावित रही। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया जिस पर भाजपा के पदाधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे।

झंडा लगाने स्कूल की छत पर चढ़े छात्र की करंट से मौत

रवि रायकवार, दतिया।स्वतंत्रता दिवस से पहले की तैयारी एक परिवार के लिए मातम में बदल गई। निजी स्कूल के 16 वर्षीय छात्र की करंट लगने से मौत हो गई।दरअसल, लिटिल स्टार पब्लिक का 16 साल का स्टूडेंट स्कूल में झंडा लगाने के लिए स्कूल की छत पर चढ़ा था। राष्ट्रीय ध्वज में लोहे का पाइप लगा था जो ऊपर से निकल रही 11 के वी लाइन से टकरा गया। इस दौरान झटका लगने से छात्र की मौत हो गई। मृतक छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m