INDIA गठबंधन ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। विपक्षी दलों ने 7 अक्टूबर को दिल्ली में चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर संयुक्त प्रदर्शन करने का फैसला किया है। इस प्रदर्शन के दौरान विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची की एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को तत्काल वापस लेने की मांग करेगा।
SIR प्रक्रिया के खिलाफ एकजुट विपक्ष
कांग्रेस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, यह फैसला कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (RSP) समेत अन्य विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में लिया गया। कांग्रेस की दिल्ली इकाई के महासचिव अनिल भारद्वाज ने कहा कि विपक्षी दल एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ संयुक्त रूप से आवाज उठाएंगे और इसे तत्काल वापस लेने की मांग करेंगे।
‘मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव’
अनिल भारद्वाज ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी किसी भी प्रक्रिया को स्वीकार नहीं किया जा सकता, जिससे संभावित रूप से मतदाताओं के नाम हटने या उनके मतदान के अधिकार प्रभावित होने का खतरा हो। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन किसी भी कीमत पर मतदाताओं के अधिकारों से समझौता नहीं होने देगा।
चुनाव आयोग से पारदर्शिता की मांग
विपक्षी दलों ने SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि मतदाता सूची में बदलाव की प्रक्रिया स्पष्ट, निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। भारद्वाज के मुताबिक, 7 अक्टूबर का प्रदर्शन दिल्ली के मतदाताओं के अधिकार, निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए विपक्षी दलों का संयुक्त प्रयास होगा।
CEC ज्ञानेश कुमार पर लगातार सवाल
INDIA गठबंधन इससे पहले भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली और चुनाव आयोग के विभिन्न फैसलों पर सवाल उठाता रहा है। अब 7 अक्टूबर का प्रस्तावित प्रदर्शन इस मुद्दे पर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच बढ़ते टकराव को और तेज कर सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

