मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 अक्टूबर को भदोही में 50वें अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले का उद्घाटन करेंगे. मेले में 65 देशों के 425 आयातक और देश के 220 निर्यातक शामिल होंगे.

भदोही. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 अक्टूबर को भदोही में 50वें अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले का उद्घाटन करेंगे. वह हेलिकॉप्टर से दोपहर 1.40 बजे भिखारीपुर अभयनपुर मैदान पहुंचेंगे और इसके पांच मिनट बाद कारपेट एक्सपो मार्ट में आयोजित मेले का उद्घाटन करेंगे.

मुख्यमंत्री दोपहर 2.45 बजे तक कारपेट एक्सपो मार्ट में रहेंगे. इसके बाद 2.55 बजे भिखारीपुर मैदान पहुंचकर विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे. उनका शाम 4.05 बजे लखनऊ रवाना होने का कार्यक्रम है.

चार दिन चलेगा मेला

भदोही के कारपेट एक्सपो मार्ट में 4 से 7 अक्टूबर तक इंडिया कारपेट एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है. मेले में शामिल होने के लिए 65 देशों के 425 आयातकों ने पंजीकरण कराया है.

इसके अलावा देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों से 220 निर्यातक अपने कालीन उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे. मुख्यमंत्री के दौरे और अंतरराष्ट्रीय मेले को लेकर भदोही में तैयारियां तेज हैं.

एक्सपो मार्ट में तैयारी पूरी

मेले के लिए एक्सपो मार्ट में स्टॉल तैयार कर लिए गए हैं. निर्यातकों के कर्मचारियों ने अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए स्टॉल भी सजा दिए हैं. आयोजन स्थल पर उपलब्ध संसाधनों को पहले ही व्यवस्थित किया जा चुका है.

आयोजन की बाहरी सजावट को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है. कालीन निर्यात संवर्धन परिषद की कार्यकारी निदेशक एवं सहसचिव डॉ. स्मिता नागरकोटि समेत नोएडा स्थित प्रधान कार्यालय की पूरी टीम भदोही में मौजूद है.

आयोजक तैयारियों की समीक्षा के साथ आयातकों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ले रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी रिहर्सल किया जा रहा है.

वैश्विक बाजार पर नजर

इस बार के कालीन मेले को वैश्विक व्यापार की मौजूदा परिस्थितियों के कारण महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कई देशों में चल रहे युद्ध का अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर असर पड़ा है.

ऐसे माहौल में कालीन निर्यात संवर्धन परिषद मेले को सफल बनाने के लिए तैयारियों पर विशेष जोर दे रही है. निर्यातक भी ऐसे कालीन उत्पाद प्रदर्शित करने की तैयारी में हैं, जिनमें कीमत और गुणवत्ता के स्तर पर अंतरराष्ट्रीय आयातकों की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है.