प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश में वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की 7.8% जीडीपी ग्रोथ बताए जाने पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं. बीजेपी ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि जीडीपी भारतीय जनता पार्टी का आंकड़ा नहीं है.
सतीश सिंह, लखनऊ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से वीडियो संदेश जारी कर वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की 7.8% जीडीपी ग्रोथ बताए जाने पर कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने बेरोजगारी बढ़ने और उत्पादन घटने का हवाला देते हुए जीडीपी बढ़ने पर सवाल किया और कहा कि बीजेपी आंकड़ों से खेलती है.
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि भारत में 8 करोड़ 70 लाख युवा बेरोजगार हैं. देश में उत्पादन घट रहा है और रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं, ऐसे में जीडीपी कैसे सुधर जाएगी. उन्होंने कहा कि बीजेपी आंकड़ों से खेलती है.
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की वजह से शिक्षा इतनी महंगी हो गई है. उन्होंने विदेश नीति को लेकर भी सरकार को विफल बताया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी बेरोजगारी की बड़ी फौज खड़ी कर रही है.
बीजेपी का पलटवार
राजेंद्र पाल गौतम के बयान पर उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि जीडीपी भारतीय जनता पार्टी का आंकड़ा नहीं है.
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि 7.8 प्रतिशत जीडीपी उस समय बढ़ी है, जब विश्व के तमाम देश धरातल में जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से प्रधानमंत्री के सपने और विकसित भारत को दर्शाता है कि भारत लगातार ग्रोथ कर रहा है.



