भारत ने गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के आपराधिक नेटवर्क ‘डी-कंपनी’ को ‘भारत-आधारित’ बताने वाली संयुक्त राष्ट्र (UN) की रिपोर्ट पर कड़ी आपत्ति जताई है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिवेदक (Special Rapporteur) की रिपोर्ट में तथ्यात्मक गलतियों का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही वैश्विक संस्था की विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाती है। भारत ने स्पष्ट किया कि दाऊद इब्राहिम 1993 के मुंबई बम धमाकों समेत आतंकी गतिविधियों के मामलों में भारत का वांछित अपराधी है और लंबे समय से देश से फरार है।
UN की रिपोर्ट पर भारत ने जताई नाराजगी
संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारतीय राजनयिक रघु पुरी ने रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि विशेष प्रतिवेदकों की ओर से तथ्यात्मक रूप से गलत जानकारी पेश किया जाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसी गलतियों के लिए जवाबदेही तय नहीं होने से सदस्य देशों के सामने गलत तस्वीर पेश होती है।
पुरी के मुताबिक, इस तरह की चूक ऐसे समय में संयुक्त राष्ट्र की विश्वसनीयता को प्रभावित करती है, जब संस्था पहले से ही अपनी वैधता को लेकर चुनौतियों का सामना कर रही है।
‘दाऊद इब्राहिम 1993 से भारत में वांछित’
भारतीय राजनयिक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने 2003 में दाऊद इब्राहिम को अल-कायदा से जुड़े होने के कारण प्रतिबंध सूची में शामिल किया था। हालांकि, वह इससे काफी पहले से भारत में वांछित था।
भारत ने जोर देकर कहा कि दाऊद के प्रतिबंधित किए जाने के कारणों का विवरण संयुक्त राष्ट्र के रिकॉर्ड में मौजूद है। ऐसे में रिपोर्ट में उसके भारत में आतंकी हमलों के मामलों में वांछित होने के तथ्य का उल्लेख नहीं करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
पाकिस्तान में छिपा है दाऊद, ओसामा बिन लादेन का भी दिया उदाहरण
रघु पुरी ने दाऊद इब्राहिम के पाकिस्तान में छिपे होने का दावा करते हुए ओसामा बिन लादेन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि लादेन 2011 में पाकिस्तान के एबटाबाद में अमेरिकी नेवी सील्स के अभियान में मारा गया था।
भारत का कहना है कि डी-कंपनी की स्थिति और दाऊद के ठिकाने से जुड़े तथ्यों को सही संदर्भ में प्रस्तुत किया जाना चाहिए। इस विवाद ने संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्टों में तथ्यात्मक सटीकता और जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

