Hockey Men’s Asian Champions Trophy 2026: भारत में होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में पाकिस्तान हॉकी टीम नजर नहीं आएगी। पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने भारत में टूर्नामेंट खेलने से इनकार करते हुए इसे किसी तटस्थ स्थान पर कराने की मांग की थी। एशियाई हॉकी महासंघ (AHF) ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है। उसकी जगह बांग्लादेश को छठी टीम के तौर पर शामिल किया गया है।
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब के जालंधर और मोहाली में होगा। हॉकी इंडिया की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक अब टूर्नामेंट में मेजबान भारत के साथ जापान, चीन, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी।
भारत में खेलने से पाकिस्तान ने किया था इनकार
टूर्नामेंट के आयोजन की घोषणा के बाद पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने भारत में खेलने पर आपत्ति जताई थी। उसने मुकाबले किसी तटस्थ देश में कराने की मांग की थी। हालांकि, एएचएफ ने इस मांग को मंजूर नहीं किया और पाकिस्तान के टूर्नामेंट से हटने के बाद उसकी जगह रिजर्व टीमों में शामिल बांग्लादेश को मौका दिया गया।
बांग्लादेश के साथ ओमान को भी रिजर्व टीम के तौर पर रखा गया था, लेकिन मुख्य टूर्नामेंट में जगह बांग्लादेश को मिली है।
पाकिस्तान ने इससे पहले 2023 में भारत में हुई एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लिया था। उस टूर्नामेंट में छह टीमों के बीच पाकिस्तान पांचवें स्थान पर रहा था।
करीब दो दशक बाद पंजाब में लौटेगी इंटरनेशनल हॉकी
इस बार एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के जरिए पंजाब में करीब दो दशक बाद बड़े स्तर की अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी होगी। जालंधर और मोहाली में होने वाले मुकाबलों को लेकर भारतीय टीम की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं।
भारतीय हॉकी टीम हाल ही में एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर पेरिस ओलंपिक 2028 के लिए अपनी जगह पक्की कर चुकी है। अब टीम की नजर एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में अपने प्रदर्शन को मजबूत करने पर है।
भारत चार बार जीत चुका है खिताब
भारत एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में चार बार खिताब जीत चुका है। टीम के लिए इस बार घरेलू मैदान पर खिताब की दावेदारी मजबूत करने का मौका होगा।
भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने हॉकी इंडिया की ओर से जारी बयान में एशियन गेम्स के प्रदर्शन को खास उपलब्धि बताया। हालांकि, उनका फोकस अब अगले टूर्नामेंट पर है। फुल्टन के मुताबिक एशियन गेम्स में मिली सफलता अब पीछे छूट चुकी है और टीम एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में उसी लय को बनाए रखने की कोशिश करेगी।
भारत के अलावा जापान, चीन, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और अब बांग्लादेश इस खिताब के लिए मैदान में उतरेंगे। पाकिस्तान की गैरमौजूदगी के बाद टूर्नामेंट का मुकाबला छह टीमों के बीच ही होगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

