भारत ने इस्लामी सहयोग संगठन (OIC) की बैठक में पारित प्रस्तावों में जम्मू-कश्मीर समेत भारत से जुड़े मुद्दों के उल्लेख पर कड़ी आपत्ति जताई है। विदेश मंत्रालय ने OIC पर पाकिस्तान के एजेंडे के लिए इस्तेमाल होने का आरोप लगाते हुए भारत विरोधी संदर्भों को दुर्भावनापूर्ण, पक्षपाती और झूठा करार दिया। भारत ने स्पष्ट किया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख देश के अभिन्न एवं अविभाज्य हिस्से हैं और उसके आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने का OIC को कोई अधिकार नहीं है।

OIC की बैठक में भारत विरोधी प्रस्तावों पर नाराजगी

विदेश मंत्रालय ने कहा कि 17-18 अक्टूबर 2026 को बगदाद में आयोजित OIC के विदेश मंत्रियों की बैठक में पारित प्रस्तावों में भारत के खिलाफ की गई टिप्पणियां निराधार हैं। मंत्रालय ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने सुनियोजित तरीके से इन संदर्भों को शामिल करवाया है। भारत ने यह भी कहा कि OIC की ओर से बार-बार पाकिस्तान के एजेंडे का समर्थन करना संगठन की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है।

जम्मू-कश्मीर के विकास का हवाला, PoJK पर पाकिस्तान को घेरा

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 19 अक्टूबर को जारी बयान में कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे, पर्यटन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

इसके विपरीत, भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में नागरिकों के खिलाफ हिंसा, दमन और मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप लगाए। मंत्रालय ने कहा कि मीडिया पर प्रतिबंध लगाकर इन घटनाओं को छिपाया नहीं जा सकता।

भारत ने पाकिस्तान के सामने रखीं दो प्रमुख मांगें

भारत ने जम्मू-कश्मीर से जुड़े मुद्दों पर अपना रुख दोहराते हुए कहा कि दो विषयों का समाधान होना बाकी है। पहला, पाकिस्तान अपने अवैध कब्जे वाले भारतीय क्षेत्रों को खाली करे। दूसरा, सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देना बंद करे।

इस्लामोफोबिया के आरोपों को भी किया खारिज

भारत ने OIC के प्रस्तावों में इस्लामोफोबिया से जुड़े आरोपों को भी खारिज किया। विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान अपने यहां अल्पसंख्यकों के साथ कथित अत्याचार, सांप्रदायिक हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता से हटाने की कोशिश कर रहा है। भारत ने OIC के सदस्य देशों से संगठन के रुख पर पुनर्विचार करने और उसमें सुधार लाने की अपील की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m