India vs Sri Lanka ODI: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण का असर अब क्रिकेट पर भी पड़ता नजर आ रहा है। भारत और श्रीलंका के बीच 13 दिसंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले पहले वनडे के वेन्यू को बदलने की मांग उठी है। दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) ने प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से मुकाबला दिल्ली से बाहर कराने का अनुरोध किया है। इसके पीछे स्टेडियम में चल रहे नवीनीकरण कार्य को भी एक वजह बताया गया है।
भारत और श्रीलंका के बीच 13 से 19 दिसंबर तक तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, पहला मुकाबला दिल्ली में होना है। लेकिन सर्दियों के मौसम में राजधानी में प्रदूषण का स्तर बढ़ने और खिलाड़ियों की सेहत पर इसके संभावित असर को देखते हुए DDCA ने मैच के आयोजन को लेकर चिंता जताई है।
प्रदूषण के साथ स्टेडियम के नवीनीकरण का भी हवाला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, DDCA ने BCCI के सामने मैच का वेन्यू बदलने की मांग रखी है। दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े एक सूत्र के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रदूषण के अलावा अरुण जेटली स्टेडियम में नवीनीकरण का काम भी चल रहा है। इसी वजह से बोर्ड ने मुकाबला दिल्ली से बाहर कराने का अनुरोध किया है।
हालांकि, मैच के वेन्यू में बदलाव को लेकर BCCI की ओर से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल 13 दिसंबर को दिल्ली में ही मुकाबला प्रस्तावित है। अब सबकी नजर BCCI के फैसले पर है।
2017 में भारत-श्रीलंका टेस्ट के दौरान हुई थी परेशानी
दिल्ली में प्रदूषण के बीच क्रिकेट मैच कराने को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। दिसंबर 2017 में भारत और श्रीलंका के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में टेस्ट मैच खेला गया था। उस दौरान प्रदूषण के कारण श्रीलंकाई खिलाड़ियों को काफी परेशानी हुई थी। कुछ खिलाड़ियों की तबीयत बिगड़ने और उल्टियां होने की खबरें भी सामने आई थीं। मैच के दौरान खिलाड़ियों को प्रदूषण से बचने के लिए मास्क का इस्तेमाल करना पड़ा था।
इस पुराने अनुभव को देखते हुए DDCA नहीं चाहता कि आगामी वनडे के दौरान भी खिलाड़ियों को ऐसी परेशानी का सामना करना पड़े। हालांकि, वेन्यू बदलने का अंतिम फैसला BCCI को लेना है।
भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज का शेड्यूल
भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का कार्यक्रम इस प्रकार है:
पहला वनडे: 13 दिसंबर, दिल्ली
दूसरा वनडे: 16 दिसंबर, बेंगलुरु
तीसरा वनडे: 19 दिसंबर, अहमदाबाद
वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जाएगी। हालांकि, टी20 सीरीज का कोई भी मुकाबला दिल्ली में प्रस्तावित नहीं है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

