IND-W vs SL-W Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उतरेगी। मुकाबला जीतने वाली टीम के नाम स्वर्ण पदक होगा। भारत के लिए यह मैच सिर्फ खिताबी मुकाबला नहीं, बल्कि इस एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल का खाता खोलने का मौका भी है।

भारत ने अब तक एशियन गेम्स में छह पदक अपने नाम किए हैं। इनमें चार सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत पदक तालिका में फिलहाल 12वें स्थान पर है। ऐसे में मंगलवार को हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम की नजर अपने अभियान के पहले स्वर्ण पदक पर होगी।

भारतीय टीम अगर श्रीलंका को हराने में सफल रहती है तो उसे गोल्ड मेडल मिलेगा और पदक तालिका में भी भारत की स्थिति बेहतर होगी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पिछले एशियन गेम्स, 2023 में भी स्वर्ण पदक जीता था। अब टीम एक बार फिर खिताब अपने नाम कर अपना दबदबा बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
सुबह 10:30 बजे शुरू होगा मुकाबला
भारत और श्रीलंका के बीच महिला क्रिकेट का फाइनल मुकाबला मंगलवार, 22 सितंबर को खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस सुबह 9 बजे होगा।
मुकाबला तय समय पर खत्म होने की स्थिति में दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे तक विजेता टीम का फैसला हो सकता है।
टीवी और मोबाइल पर कहां देखें लाइव?

एशियन गेम्स के मीडिया राइट्स सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। ऐसे में भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले को टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर देखा जा सकेगा।
मोबाइल, लैपटॉप और स्मार्ट टीवी पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनीलिव ऐप के जरिए की जा सकेगी।
बारिश हुई तो किसे मिलेगा गोल्ड?
इस फाइनल की एक खास बात यह है कि एशियन गेम्स क्रिकेट के इस मुकाबले के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया है। ऐसे में बारिश या किसी अन्य वजह से मैच रद्द होने की स्थिति में विजेता का फैसला तय नियमों के आधार पर होगा।
नियम के मुताबिक, अगर फाइनल नहीं हो पाता है तो बेहतर रैंकिंग वाली टीम को विजेता घोषित किया जाएगा। मौजूदा आईसीसी महिला टी20 टीम रैंकिंग में भारत तीसरे स्थान पर है, जबकि श्रीलंका छठे स्थान पर है। भारत के 12,667 रेटिंग पॉइंट्स हैं, जबकि श्रीलंका के खाते में 10,488 पॉइंट्स हैं।
इस नियम के मुताबिक मुकाबला रद्द होने की स्थिति में भारत को गोल्ड और श्रीलंका को सिल्वर मेडल मिलेगा।
इसी नियम के आधार पर बांग्लादेश को भी सेमीफाइनल में जगह मिली थी, क्योंकि उसकी रैंकिंग चीन से बेहतर थी।
ब्रॉन्ज के लिए पाकिस्तान और बांग्लादेश की भिड़ंत
फाइनल से पहले मंगलवार को ही ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला खेला जाएगा। सेमीफाइनल में हारने वाली पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें तीसरे स्थान के लिए आमने-सामने होंगी।
इस मुकाबले की विजेता टीम को ब्रॉन्ज मेडल मिलेगा, जबकि हारने वाली टीम एशियन गेम्स से बिना पदक लौटेगी।
भारत और श्रीलंका दोनों टीमों का पूरा स्क्वाड
भारत की महिला टीम का पूरा स्क्वॉड
स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, गुनालन कमलिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), रिचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और राधा यादव।
श्रीलंका की महिला टीम का पूरा स्क्वॉड
इमेशा दुलानी, चमारी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), मिताली अयोध्या, काव्या कविंदी, चामुडी प्रबोदा, सुगंधिका कुमारी, रश्मिका सेवंदी, निमाशा मीपेज, संजना कविंदी और अनुष्का संजीवनी।
अब नजरें कल खेले जाने वाले इस मुकाबले पर हैं। भारत के पास जहां एशियन गेम्स में अपने खिताब का बचाव करने का मौका है, वहीं भारतीय दल भी इस प्रतियोगिता में अपने पहले गोल्ड मेडल का इंतजार कर रहा है। ऐसे में हरमनप्रीत कौर की टीम की जीत भारत के पदक अभियान में एक अहम अध्याय जोड़ सकती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



