रांची। राजधानी रांची के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। धुर्वा स्थित अंतरराष्ट्रीय जेएससीए स्टेडियम में 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर टिकट बिक्री की तारीख और नियमों का ऐलान कर दिया गया है।
5 और 6 अक्टूबर को काउंटर से खरीद सकेंगे टिकट
मैच का लुत्फ स्टेडियम में बैठकर उठाने वाले दर्शक 5 और 6 अक्टूबर को ऑफलाइन टिकट खरीद सकेंगे। इसके लिए जेएससीए के वेस्ट गेट के पास विशेष काउंटर बनाए जाएंगे।
टिकट बिक्री सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। हालांकि, दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा। टिकटों की कालाबाजारी रोकने और ज्यादा से ज्यादा प्रशंसकों को टिकट उपलब्ध कराने के लिए एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट खरीदने की अनुमति होगी।
ऑनलाइन भी बुक कर सकेंगे टिकट
जो क्रिकेट प्रेमी काउंटर की लंबी कतार से बचना चाहते हैं, वे ticketdistrict.in के जरिए ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे।
7 अक्टूबर को रांची पहुंचेंगी दोनों टीमें
मैच से पहले भारत और वेस्टइंडीज की टीमें 7 अक्टूबर को रांची पहुंचेंगी। इसके बाद 8 अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में दोनों टीमों का अभ्यास सत्र होगा।
वहीं, 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर रांची के क्रिकेट प्रशंसकों में अभी से उत्साह देखा जा रहा है।

