रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को समाहरणालय में डीसी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक, दर्शकों के प्रवेश और स्टेडियम के आसपास भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
तय गेट से ही मिलेगा प्रवेश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दर्शकों को निर्धारित गेट से ही स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कतार की व्यवस्था रहेगी। मैच के दिन दोपहर 3 बजे से दर्शकों की एंट्री शुरू होगी।
बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास अनावश्यक रूप से जमा होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य प्रवेश के दौरान भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति को रोकना है।
स्टेडियम के आसपास भी रहेगी कड़ी सुरक्षा
डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को स्टेडियम परिसर के साथ आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
डीसी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के रांची पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा, ट्रैफिक और दर्शकों की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जानी चाहिए।
प्रतिबंधित सामान लेकर न आएं दर्शक
प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे प्रवेश के दौरान निर्धारित गेट और कतार व्यवस्था का पालन करें। स्टेडियम में प्रतिबंधित वस्तुएं लेकर नहीं पहुंचें। दर्शकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई है।बैठक में स्टेडियम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक रूट, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण से जुड़े इंतजामों की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों को समय पर तैयारी पूरी करने के निर्देश
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय कुमार, एसडीओ सदर कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण तथा जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय और सचिव सौरभ तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.


