रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम, रांची में दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर जेएससीए और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। टिकटों की बिक्री 5 और 6 अक्टूबर को की जा रही है। ऑफलाइन टिकट काउंटर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे।
मैच को लेकर बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, यातायात और स्टेडियम में प्रवेश की व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
मैच से पहले स्टेडियम में कड़ी सुरक्षा
पिछली झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं से सबक लेते हुए इस बार व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। स्टेडियम और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
टिकट बिक्री शुरू होने से पहले ही रविवार शाम से स्टेडियम के बाहर क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटने लगी थी। कई लोग रात में रुकने के लिए चादर और कंबल तक लेकर पहुंच गए थे। हालांकि, पुलिस ने भीड़ को वहां जमा नहीं होने दिया और लोगों को वापस भेज दिया।
जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्टेडियम का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। बिना वैध टिकट के लोगों को स्टेडियम के आसपास जमा नहीं होने देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
टिकट बिक्री पर CCTV की नजर
टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए टिकट काउंटरों पर CCTV से लगातार निगरानी रखी जाएगी। बार-बार कतार में लगकर टिकट खरीदने या टिकटों को बाहर बेचने की कोशिश करने वालों पर नजर रखी जाएगी।
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए हैं। पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट को लेकर भी अलग से व्यवस्था की जा रही है।
एंट्री में नहीं होगी परेशानी, लगाए जाएंगे मूवेबल हैंड टर्नस्टाइल
दर्शकों की एंट्री को तेज और व्यवस्थित बनाने के लिए स्टेडियम में पहले से फिक्स्ड टर्नस्टाइल मशीनें लगी हैं। टिकट पर मौजूद QR कोड स्कैन होने के बाद दर्शकों को प्रवेश दिया जाता है।
इस बार जेएससीए करीब 24 मूवेबल हैंड टर्नस्टाइल्स का भी इस्तेमाल करेगा। यदि किसी टिकट का QR कोड स्कैन नहीं हो पाता है, तो हैंड टर्नस्टाइल के जरिए टिकट की जांच कर दर्शक को प्रवेश देने की व्यवस्था की जाएगी।
टिकट खरीदने उमड़ रही भीड़
रांची में होने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। टिकट बिक्री के लिए स्टेडियम के पश्चिमी छोर पर काउंटर बनाए गए हैं। आम दर्शकों के अलावा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए भी अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच यह मुकाबला 9 अक्टूबर को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में होगा। मैच को लेकर सुरक्षा और दर्शक प्रबंधन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

