Oscars 2027: मुंबई। भारतीय सिनेमा के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। निर्देशक प्रणव भसीन की शॉर्ट फिल्म ‘वी वेयर हियर’ ने ऑस्कर 2027 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। इस फिल्म से अब ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा जोनस भी जुड़ गई हैं। उन्होंने फिल्म में एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभाली है। प्रियंका के अलावा एक्टर एंड्रयू स्कॉट और टोनी अवॉर्ड विजेता लेखक व एक्टिविस्ट V भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं। फिल्म को दुनियाभर के फिल्म फेस्टिवल में अब तक 20 से ज्यादा अवॉर्ड मिल चुके हैं।

फिल्म की कहानी ने प्रियंका चोपड़ा को किया प्रभावित

प्रियंका चोपड़ा ने एक बयान में बताया कि फिल्म का विषय उन्हें काफी पसंद आया। उनके मुताबिक, यह फिल्म एक अहम मुद्दे को नए और मजेदार तरीके से सामने रखती है। इसी वजह से उन्होंने इस प्रोजेक्ट से जुड़ने का फैसला किया, ताकि फिल्म की क्रिएटिव टीम को सपोर्ट कर सकें और उनकी सोच को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में मदद कर सकें।

क्या है ‘वी वेयर हियर’ की कहानी?

‘वी वेयर हियर’ की कहानी भारत के एक छोटे शहर में रहने वाले तीन रिटायर्ड पुरुषों के इर्द-गिर्द घूमती है। उन्हें लगता है कि मशीनें धीरे-धीरे इंसानों की नौकरियां छीन रही हैं। इसके विरोध में तीनों एक अनोखा तरीका अपनाते हैं। वे घरों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का रूप धारण कर अपना विरोध जताते हैं।

कहानी में दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब उनमें से एक व्यक्ति के बच्चे को ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI कंपनी में नौकरी मिल जाती है। कॉमेडी के अंदाज में बनी यह फिल्म तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल, रोजगार और मशीनों के बीच इंसानों की भूमिका जैसे मुद्दों पर बात करती है। फिल्म की कहानी प्रणव भसीन ने लिखी है और निर्देशन भी उन्होंने ही किया है।

80 से ज्यादा फिल्म फेस्टिवल में दिखाई गई फिल्म

‘वी वेयर हियर’ अब तक 80 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जा चुकी है और 20 से अधिक पुरस्कार जीत चुकी है। फिल्म को साउथ बाय साउथवेस्ट (SXSW) में ऑडियंस अवॉर्ड फॉर बेस्ट नैरेटिव शॉर्ट मिला। इसके अलावा रेडब्रेस्ट अनहिडन अवॉर्ड भी इसके नाम रहा।

पाम स्प्रिंग्स इंटरनेशनल शॉर्टफेस्ट में फिल्म ने 15 मिनट से कम की बेस्ट लाइव-एक्शन शॉर्ट फिल्म और बेस्ट कॉमेडी शॉर्ट का पुरस्कार जीता। इसी उपलब्धि के चलते फिल्म ऑस्कर के लिए विचार किए जाने की पात्र बनी। वहीं, क्लेरमोंट-फेरैंड इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में भी इसे कैनाल प्राइज मिला था। इसी फेस्टिवल में फिल्म का पहली बार प्रदर्शन हुआ था।

द न्यू यॉर्कर ने हासिल किए फिल्म के अधिकार

फिल्म को लेकर एक और खास खबर सामने आई है। प्रतिष्ठित पब्लिकेशन ‘द न्यू यॉर्कर’ ने ‘वी वेयर हियर’ के अधिकार हासिल कर लिए हैं। अब इसे पब्लिकेशन के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया जाएगा।

Ananya Panday Birthday: अनन्या के बर्थडे पर मां भावना ने शेयर किया बचपन का वीडियो, पापा चंकी के साथ दिखी प्यारी बॉन्डिंग

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m