हेमंत शर्मा, इंदौर। सोशल मीडिया पर रील देखना अब सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रह गया है। साइबर ठग इसी का फायदा उठाकर लोगों के बैंक खातों तक पहुंच बना रहे हैं। इंदौर के एमआईजी इलाके में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां चाय की दुकान पर बैठा युवक इंस्टाग्राम पर रील देख रहा था। इसी दौरान एक लिंक पर क्लिक करना उसे भारी पड़ गया और उसके बैंक खाते से करीब 32 हजार रुपये डेबिट हो गए।
रील देखते समय अचानक सामने आया लिंक
पुलिस के मुताबिक, कृष्णबाग कॉलोनी निवासी 31 वर्षीय राहुल खंडेलवाल 8 अगस्त को दोपहर में एलआईजी चौराहे के पास चाय की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान वह मोबाइल पर रील देख रहा था। रील देखते समय उसने एक लिंक पर क्लिक कर दिया। लिंक पर क्लिक करने के तुरंत बाद मोबाइल में अपडेट सिस्टम से जुड़ा संदेश आने लगा। युवक को लगा कि मोबाइल में सामान्य अपडेट चल रहा है, लेकिन कुछ देर बाद उसके बैंक खाते से रकम निकल गई।
बिना OTP बताए खाते से ट्रांजेक्शन
पीड़ित के मुताबिक, उसके खाते से करीब 32 हजार रुपये डेबिट हो गए। खास बात यह रही कि ठगी के दौरान उसने किसी व्यक्ति को OTP या बैंक से जुड़ी कोई जानकारी साझा नहीं की थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर लिंक पर क्लिक करने के बाद ठगों ने किस तकनीक से मोबाइल और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी तक पहुंच बनाई।
लिंक, मोबाइल और ट्रांजेक्शन की जांच
पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब साइबर टीम लिंक, मोबाइल डिवाइस और बैंक ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि लिंक किसने भेजा था और उसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा था।
एक क्लिक और खाते से हजारों साफ
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया यूजर्स के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। साइबर ठग अब सिर्फ कॉल, OTP या फर्जी KYC के जरिए ही नहीं, बल्कि रील, लिंक और फर्जी अपडेट के बहाने भी मोबाइल तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर किसी अनजान लिंक पर क्लिक करना महंगा पड़ सकता है। खासकर ऐसे लिंक से सावधान रहने की जरूरत है, जो मोबाइल अपडेट, इनाम, ऑफर या किसी जरूरी जानकारी के नाम पर सामने आएं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


