हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर की सड़कों पर रॉन्ग साइड गाड़ी चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ अब इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। दिल्ली की तर्ज पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सीधे FIR दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की गई है। चाणक्यपुरी चौराहे पर पुलिस ने पहली बार रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ड्रोन सर्विलांस के जरिए नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर नजर रखी।

चालान से आगे बढ़ी कार्रवाई, अब सीधे FIR!

अब तक रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाती थी, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने साफ कर दिया है कि दूसरों की जान खतरे में डालने वाली लापरवाही को सिर्फ चालान तक सीमित नहीं रखा जाएगा। चाणक्यपुरी चौराहे पर कार्रवाई के दौरान ऐसे वाहन चालक मिले, जो वन-वे सड़क पर रॉन्ग साइड से वाहन लेकर घुस रहे थे। इसके अलावा सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात के लिए खतरा पैदा करने वालों पर भी पुलिस की नजर रही।

ड्रोन बना ट्रैफिक पुलिस की तीसरी आंख

रॉन्ग साइड वाहन चालकों को पकड़ने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने ड्रोन सर्विलांस का इस्तेमाल किया। ऊपर से हो रही निगरानी के कारण वन-वे में गलत दिशा से घुसने वाले वाहन चालक पुलिस की नजर से बच नहीं सके। पुलिस अब तकनीक के जरिए ऐसे स्थानों पर नजर रखने की तैयारी में है, जहां रॉन्ग साइड ड्राइविंग के कारण हादसे का खतरा ज्यादा रहता है।

चार वाहन चालकों पर FIR, BNS की धारा 285 में कार्रवाई

चाणक्यपुरी चौराहे पर रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले चार लोगों के खिलाफ BNS की धारा 285 के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि रॉन्ग साइड चलाना सिर्फ ट्रैफिक नियम तोड़ना नहीं है, बल्कि इससे सामने से आने वाले वाहन चालकों और पैदल चलने वालों की जान पर खतरा पैदा होता है।

डीसीपी ट्रैफिक की दो टूक- दूसरों की जान से खिलवाड़ किया तो FIR

ट्रैफिक पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि शहर में रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। वन-वे में गलत दिशा से घुसना, सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करना या ऐसी लापरवाही करना जिससे दूसरे लोगों की जान को खतरा हो- इन मामलों में पुलिस सीधे FIR की कार्रवाई कर सकती है।

अब सड़क पर मनमानी नहीं चलेगी!

इंदौर में बढ़ते यातायात दबाव के बीच रॉन्ग साइड ड्राइविंग एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। कुछ मिनट बचाने के लिए वाहन चालक पूरी सड़क व्यवस्था को खतरे में डाल देते हैं। लेकिन अब ट्रैफिक पुलिस ने संकेत दे दिया है कि ‘जल्दी पहुंचने’ के नाम पर रॉन्ग साइड चलने की आदत भारी पड़ सकती है। चालान की जगह FIR और ड्रोन की निगरानी- इंदौर ट्रैफिक पुलिस का नया एक्शन प्लान रॉन्ग साइड वालों के लिए साफ संदेश है कि सड़क पर नियम तोड़े तो कार्रवाई सिर्फ कागज पर नहीं, सीधे थाने तक पहुंचेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m