हेमंत शर्मा, इंदौर। सावन में लाखों कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इंदौर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। ओंकारेश्वर से उज्जैन महाकाल तक बड़ी संख्या में पैदल कांवड़ लेकर निकलने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए इंदौर-खंडवा रोड पर भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह व्यवस्था 28 अगस्त तक लागू रहेगी।
सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक नहीं चलेंगे ट्रक
कलेक्टर शिवम वर्मा ने मोटर यान अधिनियम के तहत आदेश जारी करते हुए कहा है कि 28 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक इंदौर-खंडवा मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित और निर्बाध मार्ग उपलब्ध कराना है।
ये भी पढ़ें: मतदाता सूची की बड़ी सफाई! 3.26 लाख नाम हटे, शहरी इलाकों में सबसे ज्यादा कटौती; कई वार्डों का बदला चुनावी गणित
भारी वाहनों के लिए तय किया गया वैकल्पिक मार्ग
प्रतिबंध के दौरान भारी मालवाहक वाहनों को राऊ, मानपुर, बलकवाड़ा और देशगांव होते हुए वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाएगा। इससे कांवड़ मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी।
इन वाहनों को रहेगी छूट
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध सभी वाहनों पर लागू नहीं होगा। कार, जीप, दोपहिया वाहन, यात्री बसें, दूध के वाहन, एलपीजी गैस टैंकर, पेयजल टैंकर, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सेवाओं को इस आदेश से छूट दी गई है, ताकि आम जनता और आपातकालीन सेवाओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
ये भी पढ़ें: मास्टरकर्मियों की तनख्वाह में सेंध! निगम के वेतन भुगतान में बड़ा खेल, 2 पर FIR; आउटसोर्स कर्मचारी की सेवा समाप्त
ओंकारेश्वर से महाकाल तक सेवा शिविर शुरू
कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन और सामाजिक संगठनों की ओर से ओंकारेश्वर से महाकाल तक सेवा शिविर भी शुरू कर दिए गए हैं। इन शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य परीक्षण, प्राथमिक उपचार, विश्राम, पेयजल और फलाहार की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सुरक्षित और सुगम यात्रा पर प्रशासन का फोकस
हर साल सावन में हजारों श्रद्धालु पैदल कांवड़ यात्रा करते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी है। अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


