हेमंत शर्मा, इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस जवान के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला अब सिर्फ कानून-व्यवस्था का सवाल नहीं रह गया है, बल्कि पुलिस पर पड़ने वाले राजनीतिक दबाव को लेकर भी सवाल खड़े कर रहा है। शनिवार रात गश्त के दौरान एफआरवी वाहन ने चेकिंग के दौरान बीजेपी समर्थक बताए जा रहे सोनू भराड़िया को रोका। पुलिस जवान राकेश राय ने कथित तौर पर सोनू के नशे में होने पर ड्रिंक एंड ड्राइव की कार्रवाई की बात कही। आरोप है कि इसी बात पर सोनू भड़क गया और पुलिस से गाली-गलौज करने लगा। मामला यहीं नहीं रुका, पुलिस की ओर से उसे काबू करने की कोशिश के दौरान मारपीट की स्थिति बन गई और पुलिस जवान के साथ हाथापाई की बात सामने आई।

चौथी बार पुलिस जवान से भिड़ंत, फिर भी कार्रवाई पर सवाल

सबसे गंभीर सवाल इस बात को लेकर है कनाड़िया पुलिस के जवान के साथ चौथी बार मारपीट से जोड़ा गया है। अगर वाकई ऐसा है तो सवाल सीधा है- बार-बार पुलिसकर्मियों से विवाद और हाथापाई के बावजूद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कितनी प्रभावी रही? थाने में मामला पहुंचने के बाद पुलिस अधिकारियों से लेकर विधायक समर्थकों तक फोन पहुंचने की बात भी सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने सिर्फ ड्रिंक एंड ड्राइव से संबंधित धाराओं के साथ सामान्य धाराओं में कार्रवाई करते हुए जेल भेजे जाने की बात कही गई है। यहीं से पूरा मामला गंभीर सवाल खड़े करता है।

पुलिस जवान की वर्दी बड़ी या ‘फोन’ का असर?

अगर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को रोका जाता है, उससे बहस की जाती है, कथित तौर पर गाली-गलौज होती है और हाथापाई तक की नौबत आती है, तो क्या ऐसे मामले में कार्रवाई केवल औपचारिक धाराओं तक सीमित रहनी चाहिए? और अगर पुलिस अधिकारी गंभीर धाराओं में कार्रवाई की तैयारी कर रहे थे, लेकिन राजनीतिक फोन आने के बाद धाराएं बदल गईं- तो यह पुलिस की स्वतंत्रता और कानून के समान इस्तेमाल पर बड़ा सवाल है।

हालांकि, कनाड़िया टीआई संघर्ष यादव ने इस तरह की किसी घटना से इनकार किया है और कहा है कि सोनू भराड़िया के खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव की कार्रवाई की गई है। पुलिसकर्मी से किसी तरह की मारपीट की घटना नहीं हुई। अब देखना यह है कि कनाड़िया पुलिस इस मामले में अपने ही जवान के साथ खड़ी होती है या फिर यह मामला भी राजनीतिक रसूख और सामान्य धाराओं के बीच दबकर रह जाता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m