चंकी बाजेपयी, इंदौर। आज के दौर में युवाओं में बढ़ती ‘शॉर्टकट कल्चर’, अचानक पैसा कमाने की हवस और क्षणिक मौज-मस्ती के लिए अपराध की राह चुनना समाज के लिए एक गंभीर और चिंताजनक पहलू बनता जा रहा है। इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र से सामने आई एक वारदात ने एक बार फिर सामाजिक ताने-बाने और भटके हुए युवाओं की मानसिकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां केवल अपनी मौज-मस्ती और महंगे शौक पूरे करने के लिए दो युवकों ने सरेराह एक महिला की सोने की चेन लूट ली। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी ने आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

ये भी पढ़ें: गर्लफ्रेंड का नेकलेस टूटने पर भड़का आशिक: दो युवतियों के विवाद में बॉयफ्रेंड ने फुकवाई गाड़ी, नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार

500 सीसीटीवी कैमरे और ऑपरेशन स्नेचर

घटना उस वक्त हुई जब एक महिला किराना दुकान से सामान लेकर अपने घर लौट रही थी। तभी एक्टिवा सवार दो युवकों ने पीछे से आकर झपट्टा मारा और गले से सोने की चेन छीनकर रफूचक्कर हो गए। डीसीपी नरेंद्र रावत के मार्गदर्शन और अन्नपूर्णा थाना प्रभारी हिटगोपाल यादव के नेतृत्व में पुलिस ने एक विशेष रणनीति बनाई।

पुलिस टीम ने लगभग 32 किलोमीटर तक के रास्ते का पूरा डिजिटल मैप तैयार किया और आसपास लगे करीब 500 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। आखिरकार, कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों अनुराग और अमित को गिरफ्तार कर लिया।

चोरी का माल खरीदने वाले सुनार पर भी कसा शिकंजा

पूछताछ में जब आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने लूटी गई चेन सुनार चिराग को बेची थी तो पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खरीदार चिराग को भी सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया।

यह कार्रवाई समाज के उन लोगों और व्यापारियों के लिए भी एक कड़ा संदेश है, जो चंद रुपयों के लालच में अपराधियों को शह देते हैं और चोरी-लूट का माल आसानी से खरीद लेते हैं। यदि समाज में ऐसे अवैध खरीदार न हों, तो शायद युवा इस तरह के अपराध करने की हिम्मत ही न जुटा पाएं।

ये भी पढ़ें: मां को पीटकर भगाया, 2 महीने की बेटी को उतारा मौत के घाट! कलयुगी पिता ने मासूम का घोटा गला, भाई ने खोली पोल

रिमांड पर आरोपी, अन्य वारदातों का भी हो सकता है खुलासा

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रयुक्त एक्टिवा और लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर यह पता लगा रही है कि इन्होंने मौज-मस्ती के चक्कर में शहर में और कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m