धर्मेंद्र यादव, निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरोरा पहाड़ गांव से रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही दो माह की मासूम बेटी की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी और मासूम के शव को नीम के पेड़ के नीचे गड्ढा खोदकर छिपा दिया। मामले का खुलासा मासूम बच्ची के बड़े भाई की सूचना पर हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ये भी पढ़ें: गर्लफ्रेंड का नेकलेस टूटने पर भड़का आशिक: दो युवतियों के विवाद में बॉयफ्रेंड ने फुकवाई गाड़ी, नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार

मां को घर से भगाया, फिर बेकसूर मासूम पर निकाला गुस्सा

पृथ्वीपुर थाना प्रभारी गौरव राजोरिया ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी पिता संतोष आदिवासी के बेटे भरत आदिवासी ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। भरत ने पुलिस को बताया कि उसके पिता संतोष ने 1 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे उसकी दो माह की छोटी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। भरत ने बताया कि उसके पिता ने मां को 15-20 दिन पहले मारपीट कर घर से भगा दिया था। इसके कुछ दिन बाद दो माह की मासूम बेटी की जान ले ली और शव को नीम के पेड़ के नीचे दफना दिया।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खोदा गया गड्ढा

सूचना मिलते ही पृथ्वीपुर पुलिस ने तत्काल कार्यपालक मजिस्ट्रेट को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस टीम और कार्यपालक मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे और नीम के पेड़ के नीचे खोदे गए गड्ढे से मासूम के शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें डॉक्टरों ने मासूम की मौत की वजह गला घोंटना बताया।

ये भी पढ़ें: रानी दुर्गावती जयंती पर दिखा अनोखा राजनीतिक दृश्य! कांग्रेस विधायक ने की CM की सराहना, दिए कई सियासी संदेश

हत्या का केस दर्ज, हत्यारा पिता गिरफ्तार

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राथमिक जांच के आधार पर पृथ्वीपुर पुलिस ने आरोपी पिता संतोष आदिवासी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी कलयुगी पिता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m