हेमंत शर्मा, इंदौर। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 में अवैध रूप से बिक रहे नशे को लेकर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय कवि सत्यनारायण सत्तन ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है। सत्तन नशे के अवैध कारोबार पर नियंत्रण की मांग को लेकर डीसीपी नरेंद्र रावत से मिलने पहुंचे और पूरे मामले से अधिकारी को अवगत कराया।

‘अवैध नशे की बिक्री पर नियंत्रण किया जाए’

सत्यनारायण सत्तन ने कहा कि वे अवैध रूप से बिकने वाले नशे के संदर्भ में अधिकारी से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि नशा तो नशा ही है और इस पर नियंत्रण करना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है।सत्तन ने कहा कि उन्हें अलग-अलग सूत्रों के माध्यम से नशे के अवैध कारोबार और उस पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी मिलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले की जांच और नियंत्रण पुलिस के हाथ में है, इसलिए पुलिस को ही प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

‘हम करेंगे तो वैयक्तिकता आ जाएगी’

सत्तन ने कहा कि अगर नेता या जनप्रतिनिधि खुद कार्रवाई करने लगेंगे तो मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप का सवाल खड़ा हो सकता है। इसलिए संबंधित अधिकारियों को ही अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।उन्होंने कहा कि “उसकी तफ्तीश और उसका नियंत्रण इनके हाथ में है, तो ये उस काम को करें।”

सरकार पर भी सत्तन का सीधा निशाना

अवैध नशे के कारोबार को लेकर सत्तन ने सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कोई भी नेता, विधायक या मंत्री नशे के पक्ष में नहीं बोलेगा और सभी नशे पर नियंत्रण की ही बात करेंगे।लेकिन इसके साथ ही उन्होंने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि “यह बात और है कि सरकार खुद ही बेच रही है।”सत्तन के मुताबिक अगर सरकार की ओर से ही नशे की बिक्री होती है, तो अवैध रूप से नशा बेचने वालों को भी प्रोत्साहन मिलता है और उनकी कमाई का रास्ता बनता है।

‘समाज की दृष्टि से पुलिस फेल हो रही है’

सत्तन ने कहा कि समाज के नजरिए से देखा जाए तो आम धारणा यही बनती है कि नशे के मामले में पुलिस फेल हो रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी जनसेवी कार्यकर्ता, पदाधिकारी या मंत्री से मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोग आते हैं और जनप्रतिनिधि भी अपने लोगों से मिलने उनके पास जाते हैं।उन्होंने कहा कि किसके किससे क्या संबंध हैं, यह उन दोनों के बीच की बात है।अब देखना होगा कि सत्तन की शिकायत के बाद पुलिस अवैध नशे के कारोबार पर किस तरह की कार्रवाई करती है और विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 में नशे की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m