हेमंत शर्मा, इंदौर। राजस्थान के दौसा के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। उत्तराखंड के ऋषिकेश से मध्य प्रदेश के इंदौर आ रही हंस ट्रेवल्स की एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक कुल 7 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जिनमें से इंदौर के 5 यात्री बस के भीतर जिंदा जल गए। वहीं 2 अन्य यात्रियों की मौत गंभीर चोटें आने की वजह से हुई है। हादसे में 22 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 13 की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इसके अलावा इंदौर के रहने वाले 4 यात्री अभी भी लापता है।

ये भी पढ़ें: फायर डिपार्टमेंट का बड़ा एक्शन: 60 कोचिंग सेंटर, एकेडमी और लाइब्रेरी को नोटिस; अधिकांश के पास फायर NOC नहीं, बंद हो सकते हैं रास्ते!

रात के सन्नाटे में चीख-पुकार, खिड़कियां तोड़कर कूदे यात्री

मिली जानकारी के अनुसार हंस ट्रेवल्स की यह बस ऋषिकेश से सवारियां लेकर इंदौर के लिए रवाना हुई थी। राजस्थान के दौसा के पास अचानक बस में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पूरी बस कुछ ही मिनटों में आग का गोला बन गई। कइयों ने कांच और खिड़कियां तोड़कर कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन कई यात्री अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही दौसा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही 7 ने तोड़ा दम, 13 की हालत नाजुक

दौसा जिला अस्पताल के पीएमओ डॉक्टर आर. के. मीणा के मुताबिक अस्पताल पहुंचने से पहले ही 7 यात्रियों की मौत हो चुकी थी, जिनमें से 5 शव बुरी तरह झुलस चुके हैं। वहीं, 13 घायलों की हालत अभी भी बेहद गंभीर बनी हुई है।

इन 13 गंभीर घायलों का इलाज जारी:

  • याचिका (7 वर्ष) पुत्री दीपक तंवर — निवासी: ओंकारेश्वर के पास, इंदौर (म.प्र.)
  • नेहा (26 वर्ष) — निवासी: ओंकारेश्वर के पास, इंदौर (म.प्र.)
  • दिशा (19 वर्ष) पुत्री संजय — निवासी: नंदा नगर, इंदौर (म.प्र.)
  • सुवानंद (25 वर्ष) पुत्र राजेश — निवासी: सुदामा नगर, इंदौर (म.प्र.)
  • प्रदीप (26 वर्ष) पुत्र नरेंद्र — निवासी: इंदौर (म.प्र.)
  • महक (22 वर्ष) पुत्री महेश — निवासी: इंदौर (म.प्र.)
  • योगानी (21 वर्ष) पुत्री सेलेन्द्र — निवासी: इंदौर (म.प्र.)
  • जितेंद्र पांडे (45 वर्ष) — निवासी: दशहरा मैदान, पटेल कॉलोनी
  • अभिनव पांडे (13 वर्ष) पुत्र जितेंद्र — निवासी: दशहरा मैदान, पटेल कॉलोनी
  • विशुलाल (65 वर्ष) पुत्र बलवंत सिंह — निवासी: भिलसेड़ी (म.प्र.)
  • शिखा (31 वर्ष) — निवासी: नीम का थाना, सीकर (राजस्थान)
  • चंद्रप्रकाश (66 वर्ष) पुत्र हीरालाल — निवासी: डबरा (म.प्र.)
  • दिव्या (25 वर्ष) पुत्री दीपक — निवासी: बड़वाह (म.प्र.)

ये भी पढ़ें: आसमानी आफत का कहर! बिजली गिरने से 2 किसानों की मौत, उफनती नदी में बही कृषि मशीनें, पंधाना मार्ग बहा

अपनों की तलाश में भटक रहे परिजन, ये 4 यात्री हैं लापता

हादसे के बाद से बस में सवार इंदौर और आसपास के 4 यात्रियों का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। परिजन उनकी तलाश में जुटे हैं:

  • निर्मला पत्नी चंद्रप्रकाश — निवासी: इंदौर
  • प्रियंका (33 वर्ष) पत्नी जितेंद्र पांडे — निवासी: बड़वाह (म.प्र.)
  • भूमि भोर (20 वर्ष) पुत्री भारत भोर — निवासी: बजरंग नगर, इंदौर (म.प्र.)
  • दीपू (60 वर्ष) पुत्र नरवत सिंह — निवासी: रामपुरा कला, सीहोर (म.प्र.)

घटना की जानकारी मिलते ही इंदौर में रहने वाले यात्रियों के परिवारों में कोहराम मच गया है। कई परिजन राजस्थान के दौसा के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस आग लगने के सही कारणों की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m