इमरान खान, खंडवा। पिछले कई दिनों से जारी तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त करना शुरू कर दिया है। खंडवा-पंधाना निर्माणाधीन मार्ग पर बनाई गई सर्विस रोड बहने से सड़क मार्ग काफी देर तक प्रभावित हुआ। वहीं खंडवा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि जसवाड़ी में नदी के तेज बहाव में कृषि मशीन और दो कल्टीवेटर बह गए। कई जगह पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बहने के बावजूद लोग जोखिम लेते हुए इससे पार करते दिखे। खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरीके से इमरजेंसी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

ये भी पढ़ें: EXCLUSIVE: MP में ‘हैवी रेन’ के अलर्ट के बीच मौत का लाइव वीडियो! यात्रियों से भरी बस को उफनती नदी में उतारा, देखें VIDEO

आकाशीय बिजली ने छीनी दो जिंदगी

बारिश के बीच खंडवा जिले में आसमानी बिजली का कहर देखने को मिला, जिससे दो परिवारों की खुशियां उजड़ गईं:

पहली घटना: खंडवा के देवला माफी में किसान रघुवीर पिता छगनलाल जिसकी उम्र 42 साल  है अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। तभी अचानक बारिश होने लगी और आकाशीय बिजली गिरने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल मुंदी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना: ग्राम भगवानपुरा में यहां ओमप्रकाश पिता श्रीराम सेन जिसकी उम्र 45 साल है, घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें गंभीर हालत में मुंदी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

बह गई सर्विस रोड, खंडवा-पंधाना-बुरहानपुर मार्ग पर थमे पहिए

सोमवार देर शाम हुई दो घंटे की भारी बारिश के बाद खैगांव के पास निर्माणाधीन पुलिया के लिए बनाई गई सर्विस रोड पानी के तेज बहाव में पूरी तरह बह गई। इसके चलते खंडवा-पंधाना-बुरहानपुर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया और सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हैरान करने वाली बात यह रही कि इस जानलेवा बाढ़ के पानी के बावजूद कई लोग अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती नदी को पार करते नजर आए।

उफनती नदी में बहे कल्टीवेटर, रस्सी के सहारे बची मिक्सर मशीन

जसवाड़ी इलाके से भी जलभराव और बाढ़ का डराने वाला वीडियो सामने आया है। यहां अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से एक कृषि मशीन और दो कल्टीवेटर पानी के तेज बहाव में ताश के पत्तों की तरह बह गए। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए एक गिट्टी-सीमेंट मिक्सर मशीन को मोटी रस्सी से बांध दिया, जिससे उसे बहने से बचा लिया गया।

ये भी पढ़ें: फायर डिपार्टमेंट का बड़ा एक्शन: 60 कोचिंग सेंटर, एकेडमी और लाइब्रेरी को नोटिस; अधिकांश के पास फायर NOC नहीं, बंद हो सकते हैं रास्ते!

कलेक्टर की अपील: जान जोखिम में न डालें

खंडवा में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है। हालात को देखते हुए खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन और हमारी टीम किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है। आम जनता से अपील है कि यदि किसी भी पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा हो तो उसे पार करने का जोखिम कतई न उठाएं और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m