हेमंत शर्मा, इंदौर। नगर निगम के चार साल पूरे होने के साथ ही इंदौर की सियासत में पोस्टर वॉर शुरू हो गया है। कांग्रेस ने भाजपा परिषद के विकास दावों को चुनौती देते हुए पूरे शहर में “4 साल इंदौर बेहाल” अभियान छेड़ दिया है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि नगर निगम और महापौर लगातार विकास के दावे करते रहे, लेकिन शहर की सड़कों और अधूरी परियोजनाओं की स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है।
कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल और गिरीश जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के कई प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर “4 साल इंदौर बेहाल” लिखे पोस्टर लगाए। पोस्टरों के जरिए नगर निगम के चार साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए जनता का ध्यान शहर की बदहाल सड़कों, अधूरे निर्माण कार्यों और बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महापौर पिछले चार वर्षों से लगातार विकास के बड़े-बड़े दावे करते रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है।
सालों बाद भी कई परियोजनाएं पूरी न होने का आरोप
उनका कहना है कि नसिया रोड से गुजराती स्कूल मार्ग, जूनी इंदौर, चंद्रभागा, कलाकुई मस्जिद मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से खुदी पड़ी हैं या जर्जर हालत में हैं। कई परियोजनाएं वर्षों बाद भी पूरी नहीं हो सकी हैं, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि हर बारिश में शहर की सड़कों पर गड्ढे, जलभराव और अधूरे निर्माण कार्य लोगों के लिए बड़ी समस्या बन जाते हैं। पार्टी का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद शहरवासियों को अच्छी सड़कें, सुगम यातायात और बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
निगम प्रशासन और महापौर से ये मांग
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “4 साल इंदौर बेहाल” अभियान किसी एक सड़क या एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे शहर की स्थिति को सामने लाने का प्रयास है। उनका कहना है कि पोस्टरों के माध्यम से उन समस्याओं को उजागर किया जा रहा है, जिनका सामना इंदौर की जनता रोजाना कर रही है। कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन और महापौर से मांग की है कि प्रचार और उपलब्धियों के दावों के बजाय अधूरी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही शहर की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और जनता को यह बताया जाए कि जिन परियोजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, वे अब तक पूरी क्यों नहीं हो सकीं।
अब राजनीतिक टकराव तेज होने के आसार
नगर निगम के चार साल पूरे होने के मौके पर कांग्रेस के इस पोस्टर अभियान ने राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भाजपा भी कांग्रेस के आरोपों का जवाब दे सकती है और नगर निगम के कामकाज को लेकर दोनों दलों के बीच सियासी बयानबाजी और तेज होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


