हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर की खस्ताहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस ने अब सड़क पर उतरकर मोर्चा खोल दिया है। वार्ड नंबर 31 में बॉम्बे हॉस्पिटल के पास सर्विस रोड पर पानी और कीचड़ से भरे गड्ढे में इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे खुद बैठ गए। उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी कीचड़ में बैठकर नगर निगम और बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बीजेपी पार्षद के वार्ड में कीचड़ के बीच प्रदर्शन

बॉम्बे हॉस्पिटल के पास सर्विस रोड की बदहाली को लेकर कांग्रेस ने सीधे वार्ड नंबर 31 के बीजेपी पार्षद बालमुकुंद सोनी को भी निशाने पर लिया। कांग्रेस का आरोप है कि सड़क की खराब हालत और जलभराव के बावजूद जिम्मेदारों की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि सड़क पर गड्ढे और उनमें भरा कीचड़ अब लोगों के लिए परेशानी ही नहीं, बल्कि हादसे का खतरा भी बन चुका है।

चिंटू चौकसे बोले- जनता टैक्स दे रही, बदले में मिल रहे गड्ढे

चिंटू चौकसे ने नगर निगम और बीजेपी परिषद पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता टैक्स भर रही है, लेकिन शहर में उसे बेहतर सड़कें मिलने के बजाय गड्ढे, कीचड़ और जलभराव झेलना पड़ रहा है। उन्होंने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि शहर की सड़कों की हालत लगातार बिगड़ रही है, लेकिन जिम्मेदार कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं।

5 दिन का अल्टीमेटम, वरना पूरे शहर में आंदोलन

कांग्रेस ने नगर निगम को 5 दिन का अल्टीमेटम दिया है। कांग्रेस की मांग है कि बॉम्बे हॉस्पिटल सर्विस रोड समेत शहर की प्रमुख खस्ताहाल सड़कों के गड्ढे तत्काल भरे जाएं और सड़क की मरम्मत कराई जाए। चिंटू चौकसे ने चेतावनी दी कि अगर 5 दिन में सड़क की स्थिति नहीं सुधरी तो कांग्रेस पूरे इंदौर में व्यापक और उग्र जन-आंदोलन करेगी। अब सवाल वार्ड नंबर 31 के जिम्मेदारों से है- कीचड़ में बैठकर प्रदर्शन करने की नौबत आखिर क्यों आई? क्या 5 दिन में सड़क सुधरेगी या फिर कीचड़ में बैठी कांग्रेस का यह प्रदर्शन आने वाले दिनों में बड़े आंदोलन की शुरुआत बनेगा?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m