चंकी बाजपेयी, इंदौर। शहर में आगामी 15 नवंबर को मशहूर पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझका एक भव्य कॉन्सर्ट आयोजित होने वाला है। इस कार्यक्रम से ठीक पहले शहर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को एक धमकी भरा ईमेल मिला है, जिससे प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
ईमेल में दी गई बम से उड़ाने की धमकी
इंदौर के विभिन्न स्कूलों को प्राप्त हुए इस मेल में सिंगर दिलजीत दोसांझ के आगामी कार्यक्रम को लेकर गंभीर बातें लिखी गई हैं। मेल भेजने वाले ने चेतावनी दी है कि यदि इंदौर में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, तो वे कॉन्सर्ट स्थल पर बम धमाके करेंगे। जैसे ही यह मामला स्कूलों के प्रबंधन और पुलिस के संज्ञान में आया, तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
साइबर सेल और पुलिस जांच में जुटी
इस संवेदनशील मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह धमकी भरा संदेश एक खास जीमेल आईडी के माध्यम से भेजा गया है। पुलिस की विशेष साइबर सेल की टीम उस ईमेल आईडी, उसके सर्वर और आईपी एड्रेस की तकनीकी बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

