हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के आर्थिक राजधानी इंदौर स्थित जेल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जेल के ही एक प्रहरी द्वारा कैदियों तक प्रतिबंधित और नशीला सामान पहुंचाने की कोशिश का भंडाफोड़ हुआ है। मुख्य गेट पर चेकिंग के दौरान एर प्रहरी के अंडरगारमेंट्स और जूतों के अंदर छिपाकर रखे गए बीड़ी और तंबाकू के पैकेट बरामद किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: बच्चियों के यौन शोषण के दोषी प्यारे मियां को कोर्ट ने दी 10 बार उम्रकैद की सजा, 77 लाख से ज्यादा का जुर्माना; सहयोगी राबिया को 20 साल कैद
CCTV कैमरों की निगरानी में हुई जब्ती
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात उप जेलर राकेश उपाध्याय, चंद्रिका पटेल, नानूराम सोनी और विजय आर्य ड्यूटी में तैनात थे। रात करीब 2 बजे जेल प्रहरी देवेंद्र चौहान जब ड्यूटी पर पहुंचा तो मुख्य गेट पर उसकी सामान्य तलाशी ली। स्थिति असामान्य लगने के बाद जब प्रहरी की तलाशी कड़ाई से ली गई तो उसके अंडरगारमेंट्स, अंदरूनी कपड़ों और जूतों में चालाकी से छिपाकर रखी गई बीड़ी और तंबाकू के पैकेट बरामद हुए। आपको बता दें कि यह पूरी चेकिंग और जब्ती की प्रक्रिया जेल परिसर में लगे CCTV की निगरानी में हुई।
शुभम नेपाली तक पहुंचानी थी खेप, चरस मिलने पर विरोधाभास
पूछताछ में आरोपी प्रहरी ने यह जानकारी दी है कि यह प्रतिबंधित सामग्री जेल में बंद कुख्यात कैदी तक पहुंचाई जानी थी, जिसमें द्वारकापुरी क्षेत्र के नशा कारोबारी शुभम नेपाली शामिल है। शुरुआत में चरस मिलने का भी दावा किया जा रहा था हालांकि जेल अधीक्षक द्वारा बीड़ी और तंबाकू मिलने की पुष्टि की गई है और चरस मिलने की बात से इनकार किया है।
ये भी पढ़ें: उज्जैन में ‘टेंपल बॉन्ड’ पर बवाल: कांग्रेस ने सड़क पर मांगी भीख, 11 मंदिरों को लेकर क्यों हो रहा विवाद?
प्रहरी ड्यूटी से निलंबित, विभागीय जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रहरी देवेंद्र चौहान को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इस काम के एवज में प्रहरी को मोटी रकम मिलने वाली थी। बहरहाल जेल के भीतर सुरक्षा तंत्र को चकमा देकर प्रतिबंधित सामान ले जाने की इस घटना ने जेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

