हेमंत शर्मा, इंदौर। त्योहारी सीजन में आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। दीपावली के मद्देनजर इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महज दो दिनों के भीतर शहर और ग्रामीण इलाकों में ताबड़तोड़ निरीक्षण किए हैं। 30 और 31 अक्टूबर को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत इंदौर और बेटमा क्षेत्र के कुल 15 प्रसिद्ध मिठाई, नमकीन और डेयरी प्रतिष्ठानों की जांच की गई और गुणवत्ता परखने के लिए 54 नमूने लिए गए हैं।
इन प्रसिद्ध प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिन प्रमुख संस्थानों पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और सैंपल लिए, उनमें पूजा डेयरी, पदमश्री, श्री राम, नवकार, राजू खंडेलवाल, गौरव रेस्टोरेंट, सिद्धिविनायक डेयरी, आरंभ, गुप्ता स्वीट्स, मां अंबे दूध-दही भंडार, ममता, मिलन, श्री गंगा दूध डेयरी, फखरी और पालीवाल स्वीट्स शामिल हैं। जांच के दौरान टीम ने मुख्य रूप से मावा, पनीर, घी, दूध, मिल्क केक, पेड़ा, बर्फी, बेसन के लड्डू और सेव-नमकीन जैसी त्योहारी सामग्रियों के नमूने एकत्रित किए।
भोपाल लैब भेजे गए सैंपल, आगे भी जारी रहेगा अभियान
विभाग द्वारा जब्त किए गए सभी 54 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान बेटमा स्थित ‘पदमश्री स्वीट्स’ की निर्माण इकाई में कुछ कमियां पाई गईं, जिस पर विभाग ने उन्हें नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ यह विशेष अभियान दीपावली के त्योहार तक लगातार जारी रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

