चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के गांधीनगर थाना क्षेत्र से पारिवारिक विवाद का एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पिछले 22 सालों से पति की रोज-रोज की शराबखोरी और मारपीट से तंग आ चुकी पत्नी ने आखिरकार अपना आपा खो दिया और पति की कपड़े से गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

4 बेटियों के पिता को थी शराब की लत

गांधीनगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 45 वर्षीय संतोष डाबर निवासी जामुडी हैप्सी के रूप में हुई है। करीब 22 साल पहले उसकी शादी सूरज बाई से हुई थी। दोनों की 4 बेटियां हैं, जो उन्हीं के साथ रहती हैं। परिजनों व पड़ोसियों के मुताबिक, संतोष अत्यधिक शराब पीने का आदी था और रोज रात को नशे में धुत होकर घर पहुँचता था। वह बिना किसी वजह के पत्नी सूरज बाई के साथ गाली-गलौज और गंभीर मारपीट करता था, जिससे घर में हमेशा डर और अशांति का माहौल बना रहता था।

पत्नी ने उठाया आत्मघाती कदम 

घटना वाली रात भी संतोष शराब के बेहद भारी नशे में घर पहुँचा और पत्नी से विवाद करने लगा। बात यहीं खत्म नहीं हुई, उसने बीच-बचाव करने आई अपनी बेटियों को भी जान से खत्म करने की सीधी धमकी दे डाली। रोज-रोज के इस मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से पत्नी काफी डरी हुई थी। विवाद बढ़ने के दौरान जब नशे में धुत होकर संतोष दोबारा मारपीट करने लगा, तो सूरज बाई का सब्र टूट गया। उसने पास में पड़े एक कपड़े से पति का गला कस दिया, जिससे सांस रुकने के कारण संतोष की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी पत्नी हिरासत में 

सुबह करीब 8 बजे परिजनों और ग्रामीणों के माध्यम से गांधीनगर पुलिस को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी सूरज बाई को अपनी अभिरक्षा में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में वैधानिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m