हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पलाश परिसर में 8वीं मंजिल से नीचे गिरने से एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतिका एक सप्ताह पहले ही अपने बॉयफ्रेंड के साथ नोएडा से इंदौर आई थी और यहाँ फ्लैट किराए पर लिया था।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित पलाश परिसर की है। मृतिका की पहचान अंजली के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के चमोली की रहने वाली थी।

युवती और उसका बॉयफ्रेंड पीथमपुर में नौकरी करने की बात कहकर इस फ्लैट में रहने आए थे। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय फ्लैट के अंदर उसका बॉयफ्रेंड अजय भी मौजूद था। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी अजय को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। ऊंचाई से गिरने के बाद युवती को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

तनाव में होने की बात आई सामने

प्रारंभिक पूछताछ और शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मृतिका युवती काफी तनाव में थी। दावा किया जा रहा है कि उसके पति द्वारा सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए जाने के कारण वह मानसिक तनाव से गुजर रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतिका की मां इंदौर के लिए रवाना हो चुकी हैं, जिनके पहुँचने के बाद मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m