हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच प्रस्तावित T20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर है। लेकिन इसी दीवानगी का फायदा उठाने के लिए साइबर ठगों का गिरोह भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोशल मीडिया पर फर्जी पेज और प्रोफाइल बनाकर VVIP समेत साधारण टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों को ठगने की साजिश रची जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर क्राइम ब्रांच ने एडवाइजरी जारी कर आम जनता को सावधान रहने की अपील की है।

व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर बने फर्जी पेजेस

मैच के टिकटों की भारी मांग के बीच शातिर ठगों ने व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर फर्जी अकाउंट्स और ग्रुप्स बना लिए हैं। इन पेजों के जरिए यह दावा किया जा रहा है कि उनके पास T20 मुकाबले के VVIP और अन्य कैटेगिरी के टिकट उपलब्ध हैं।

20 से 25 प्रतिशत मार्जिन और कूरियर का झांसा

क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि साइबर ठग लोगों को टिकट देने के बदले 20 से 25 प्रतिशत अतिरिक्त मार्जिन की बात कहते हैं। वे पीड़ितों को झांसे में लेकर सबसे पहले कुछ राशि ऑनलाइन ट्रांसफर करवाते हैं। इसके बाद टिकट कूरियर से आपके घर भेजने का बहाना बनाकर अलग से पैसों की डिमांड की जाती है।

MPCA का स्पष्ट बयान: 25 सितंबर को ही बिक चुके हैं सारे टिकट

मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अनुसार, अधिकृत टिकट पार्टनर एजेंसी के जरिए 25 सितंबर तक ही सभी टिकट पूरी तरह बिक चुके हैं। इसके बावजूद अनजान नंबरों से लोगों को मैसेज भेजकर ब्लैक में या डायरेक्ट टिकट उपलब्ध कराने की पेशकश की जा रही है, जो पूरी तरह फर्जी है।

पश्चिम बंगाल और राजस्थान से जुड़े तार, मेटा को भेजा गया ईमेल

इंदौर क्राइम ब्रांच ने अब तक करीब 12 संदिग्ध मोबाइल नंबरों को वेरिफाई किया है, जिनकी लोकेशन पश्चिम बंगाल और राजस्थान में ट्रेस हुई है। पुलिस ने इन फर्जी सोशल मीडिया पेजों और प्रोफाइल्स को तुरंत ब्लॉक कराने के लिए ‘मेटा’ (Meta) को आधिकारिक ई-मेल भेजा है। फिलहाल क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम इन नंबरों और अकाउंट्स पर लगातार निगरानी रख रही है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी व्यक्ति के साथ ठगी की औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m