चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के होलकर स्टेडियम में होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। लेकिन इसी दीवानगी का फायदा उठाकर साइबर अपराधियों ने सोशल मीडिया पर ठगी का जाल बिछा दिया है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया साइट्स पर करीब एक दर्जन फर्जी ऑनलाइन लिंक एक्टिव पाए गए हैं, जिनके जरिए अपराधियों द्वारा डिस्काउंट और स्पेशल ऑफर का लालच देकर फर्जी टिकट बेचे जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: पहले सीट बेल्ट का पाठ, अब बुलेट पर खुद छोड़ा हाथ! बीजेपी विधायक का Stunt वीडियो वायरल; पब्लिसिटी स्टंट पर उठे सवाल

कोलकाता से जुड़े ठगी के तार, 10-20% एडवांस मांगकर झांसा

मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर पुलिस की साइबर सेल ने पड़ताल शुरू की तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। फर्जी लिंक और उनसे जुड़े मोबाइल नंबरों की जांच में इनके तार पश्चिम बंगाल के कोलकाता से जुड़े पाए गए हैं। साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेने के लिए शुरुआती तौर पर कुल कीमत का केवल 10 से 20 प्रतिशत हिस्सा ही जमा करने को कहते हैं। बाकी राशि घर पर कूरियर या ईमेल से टिकट मिलने के बाद देने का दावा किया जा रहा है, ताकि आम जनता आसानी से उनके जाल में फंस जाए।

25 सितंबर को ही फुल हो चुकी हैं टिकटें: एडिशनल DCP

इंदौर क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि 11 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज मैच की आधिकारिक ऑनलाइन टिकटों की बिक्री 25 सितंबर को ही पूरी हो चुकी है। नियमानुसार एक व्यक्ति को अधिकतम 4 टिकट ही जारी किए गए हैं। वर्तमान में किसी भी तरह की आधिकारिक टिकट बिक्री चालू नहीं है। इसके बावजूद जो भी लिंक सोशल मीडिया पर दिख रही हैं, वे पूरी तरह फर्जी और धोखाधड़ी का हिस्सा हैं।

ये भी पढ़ें: उज्जैन की शाही मस्जिद मामले में पथराव… ‘श्रीरामभूमि’ के विलेन ने दिया बड़ा संदेश, बोले- विकास के नाम पर मंदिर हट सकते हैं तो मस्जिद क्यों नहीं?

साइबर सेल ने जारी की एडवाइजरी

क्राइम ब्रांच ने क्रिकेट प्रेमियों के लिए सख्त चेतावनी और एडवाइजरी जारी की है कि वे सोशल मीडिया पर तैर रही किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी तरह का एडवांस पेमेंट करें। साइबर अपराधियों के झांसे में आने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की शिकायत तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर दर्ज कराएं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m